रेवाड़ी पुलिस के जांबाज होमगार्ड जवानों की सूझबूझ, तत्परता एवं मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा. काठमंडी बाजार में आग पर पाया त्वरित काबू. दीपावली की रात गश्त के दौरान राइडर पर तैनात होमगार्ड जवानों ने दिखाई असाधारण सूझबूझ। सैमसंग शोरूम (बालाजी ट्रेडर्स) की छत पर पटाखों की चिंगारी से लगी आग को फैलने से रोका, करोड़ों का नुकसान होने से बचाया। पड़ोसी दुकानदारों की छत के रास्ते से कूदकर और बाल्टी-रस्सी की मदद से रेत खींचकर फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही आग पर पाया नियंत्रण। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांबाज जवानों की सराहना की, काठमंडी व्यापार संगठन ने जताया आभार। नया बाजार एसोसिएशन प्रधान राकेश भाटोटिया ने होमगार्ड जवानों को सम्मानित सम्मानित किया।
दीपावली की रात जहां पूरा शहर रोशनी और खुशियों के जश्न में डूबा हुआ था, वहीं कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेवाड़ी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई। पुलिस टीम की सतर्कता, तत्परता और त्वरित सूझबूझ के चलते काठमंडी बाजार स्थित एक प्रमुख शोरूम की छत पर लगी भीषण आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक भीषण हादसे और करोड़ों रुपये के जान-माल के संभावित नुकसान को टाल दिया गया। इस संबंध में पुलिस होमगार्ड की जवान व शहर थाना प्रभारी ने स्वयं मीडिया के सामने आकर जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही काठमंडी व्यापार संगठन के प्रतिनिधि और स्थानीय व्यापारियों ने दोनों बहादुर होमगार्ड जवानों (हेमंत व लख्मीचंद) की भूरि-भूरि प्रशंसा की। व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि गश्त पर तैनात इन जवानों ने समय पर यह साहसिक कदम न उठाया होता, तो त्योहार की रात पूरे काठमंडी बाजार में एक भयावह तबाही मच सकती थी। व्यापार संगठन ने इस उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा एवं पूरी रेवाड़ी पुलिस टीम का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त किया है।
दीपावली की रात लगभग 11:00 बजे काठमंडी बाजार स्थित सैमसंग शोरूम (बालाजी ट्रेडर्स) की ऊपरी छत पर अचानक आतिशबाजी/पटाखों की चिंगारी गिरने से कबाड़ व AC वायर में आग लग गई। त्योहार की रात देखते ही देखते धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें उठने लगीं। उसी दौरान क्षेत्र में राइडर पर मुस्तैदी से गश्त कर रहे थाना शहर रेवाड़ी के दो होमगार्ड जवान हेमंत और लख्मीचंद की नजर शोरूम की छत से उठती लपटों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता और खतरे को भांपते हुए दोनों जवानों ने बिना एक पल गंवाए असाधारण साहस का परिचय दिया। वे तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए दूसरों की छत के रास्ते से होते हुए घटनास्थल पर पहुँचे। विषम परिस्थितियों और संसाधनों के अभाव के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और बाल्टी व रस्सी के माध्यम से ऊपर लगातार रेत खींचकर फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुँचने से पहले ही आग पर प्रारंभिक और प्रभावी नियंत्रण पा लिया। जवानों की इस तत्परता के कारण आग शोरूम के मुख्य हिस्सों और आसपास की घनी व्यावसायिक दुकानों तक फैलने से पूरी तरह रुक गई।
"त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना रेवाड़ी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दीपावली की रात होमगार्ड जवान हेमंत और लख्मीचंद ने जिस अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित सूझबूझ का परिचय दिया है, वह अत्यंत सराहनीय है। विकट परिस्थितियों में दूसरों की छत के रास्ते से पहुँचकर और सीमित साधनों से आग पर काबू पाना इनकी उच्च कोटि की पेशेवर दक्षता को दर्शाता है।
जवानों की इस मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और करोड़ों रुपये की संपत्ति सुरक्षित रही। रेवाड़ी पुलिस का हर जवान जनता की रक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले दोनों जवानों को सम्मानित व पुरस्कृत किया जाएगा।"




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें