रेवाड़ी में विश्वकर्मा डे के उपलक्ष में राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने स्थानीय झज्जर चौक स्थित भगवान विश्वकर्माजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके जोरदार जयकारे बुलंद किये । इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीदों,महापुरुषों तथा सभी धर्मों के आराध्यों के सम्मान, गरिमा एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति युवावर्ग एवं बच्चों को जागृत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं समाजविद अशोक प्रधान लोक सभा मंच ने कहा कि धार्मिक आराध्यों,महापुरुषों तथा शहीदों से समाज को सही राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। भगवान विश्वकर्मा जी का समाज में बहुत महत्व है। भगवान विश्वकर्मा जी को हिंदू धर्म में सृष्टि के रचनाकार,देवताओं के शिल्पकार और इंजीनियर माना जाता है। इन्हें दुनिया का पहला वास्तुकार और यंत्रकार भी कहा जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ब्रह्मा जी के पुत्र 'धर्म' हुए और धर्म के पुत्र 'वास्तुदेव' हुए। वास्तुदेव की पत्नी 'अंगिरसी' से ऋषि विश्वकर्मा का जन्म हुआ । कुछ पुराणों में इन्हें आठवें वसु 'प्रभास' और 'भुवना ब्रह्मवादिनी' की संतान तथा ब्रह्मा जी की मानस संतान भी बताया गया है। राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच भगवान विश्वकर्मा जी के 'रचनाकर सिद्धांत' से प्रेरित होकर जनहित की आवाज रचनात्मक दिशा में लगातार बुलंद करता रहेगा ।
मंच की कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने विभिन्न युगों में कई दिव्य और ऐतिहासिक भवनों व अस्त्र-शस्त्रों का निर्माण किया । सतयुग में देवताओं के लिए 'स्वर्ग लोक',त्रेतायुग में रावण के लिए 'सोने की लंका',द्वापर युग में भगवान कृष्ण के लिए 'द्वारिका नगरी',पांडवों के लिए 'इन्द्रप्रस्थ' (हस्तिनापुर) का निर्माण किया। भगवान शिव का त्रिशूल,विष्णु जी का सुदर्शन चक्र, इंद्र का वज्र, और रावण के लिए पुष्पक विमान की रचना भी इन्होंने ही की थी। इस अवसर पर कोर कमेटी के सदस्य महेश कौशिक, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नंदलाल यादव, रोहांश बिंदल, जांगिड़ समाज समिति के शाखा अध्यक्ष सतपाल जांगड़ा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सतीश शर्मा, चंद्र प्रकाश, दुष्यंत सिंह, दीपक शर्मा, सुमित कुमार, वेद प्रकाश, महेंद्र सिंह, प्रीतम जांगिड़, प्यारेलाल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये ।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें