कजाकिस्तान में आयोजित 15वीं सीनियर कुराश विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर स्वाति यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश, प्रदेश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्वाति यादव कोसली थाना प्रभारी विद्यासागर की भतीजी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्वाति यादव के सम्मान में रेवाड़ी में खुली गाड़ी में भव्य रोड शो निकाला गया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद गांव उनींदा, अटेली स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में गांव एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतने वाली स्वाति यादव के साथ उनके कोच करमबीर कोच तथा सोमबीर पावड़िया, महासचिव, हरियाणा कुराश एसोसिएशन को भी सम्मानित किया गया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि स्वाति यादव की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। साथ ही इस सफलता में उनके प्रशिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कजाकिस्तान में विश्व स्तर पर पदक जीतना पूरे हरियाणा और देश के लिए गर्व की बात है।
वक्ताओं ने कहा कि स्वाति यादव की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी। बेटियों को उचित अवसर, प्रोत्साहन और सम्मान मिलने से वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और गणमान्य व्यक्तियों ने स्वाति यादव एवं दोनों कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें