रेवाड़ी। साहित्य के माध्यम से राष्ट्र-चेतना की अलख जगाने को समर्पित अखिल भारतीय साहित्य परिषद् अपने गौरवशाली 30 वर्ष की यात्रा पूर्ण होने पर *साहित्योत्सव* का आयोजन कर रही है। 29 नवंबर रविवार को होने वाले इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के नामचीन साहित्यकार सम्मानित होंगे। 30 वर्ष की यात्रा पर आधारित स्मारिका, पुस्तक प्रदर्शनी, साहित्य सम्मान विशेष आकर्षण होंगे।
परिषद् महामंत्री गोपाल शर्मा *वसिष्ठ* ने बताया कि परिषद् के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रो.रमेशचंद्र शर्मा के निवास पर साहित्योत्सव को लेकर विशेष बैठक बुलाई गई। प्रो.शर्मा के सान्निध्य एवं श्रीमती श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में चली कोर समिति की बैठक में परिषद् की 30 वर्षीय यात्रा के गौरवशाली पलों को प्रदेश भर के साहित्य प्रेमियों के साथ सांझा करने का निर्णय लिया गया। वरिष्ठ साहित्यकार सत्यवीर नाहड़िया ने इस महोत्सव की रूपरेखा पर चर्चा की।
जैन पब्लिक स्कूल में रविवार 29 नवंबर को आयोजित होने वाले इस *साहित्योत्सव* में केंद्रीय व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, पद्म श्री, अकादमी पुरस्कार एवं साहित्य पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकारों समेत प्रदेशभर के साहित्य प्रेमी भाग लेंगे। तीन सत्रों में विभाजित समारोह में पुस्तक प्रदर्शनी, स्मारिका एवं पुस्तक लोकार्पण, साहित्य सम्मान विशेष आकर्षण होंगे। बैठक में आयोजन स्थल, स्मारिका संपादन, प्रबंधन आदि पर भी विचार किया गया। इस अवसर पर परिषद् संरक्षक डा. लक्ष्मीनारायण शर्मा, समारोह समन्वयक एडवोकेट रणजीत सिंह, सह समन्वयक तेजभान कुकरेजा, व्यवस्था सहयोगी रेखा कौशिक, मोनिका यादव आदि उपस्थित रहे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें