Rewari News :: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत हरियाणा का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग रेवाड़ी में संपन्न, 17 जिलों के 70 सहित कुल 85 कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

रेवाड़ी में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, हरियाणा का दो दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग रेवाड़ी स्थित जाट धर्मशाला में संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग में कुल 85 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिनमें 15 कार्यकर्ता रेवाड़ी से तथा 70 कार्यकर्ता प्रदेश के अलग-अलग 17 जिलों से शामिल हुए। दो दिनों तक चले इस अभ्यास वर्ग में संगठन के इतिहास, लक्ष्य, उद्देश्य, कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, ग्राहक अधिकारों, सामाजिक सरोकारों और वर्तमान समय की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।



अभ्यास वर्ग के पहले दिन के प्रथम सत्र में ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रदीप बंसल ने संगठन के इतिहास, लक्ष्य, उद्देश्य और कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत वर्ष 1974 से निरंतर ग्राहकों के हितों के लिए कार्य कर रही है। संगठन की शुरुआत पुणे से हुई थी और आज इसका कार्य देशभर में विस्तारित हो चुका है। ग्राहक पंचायत ने ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनके हितों की रक्षा के लिए एक प्रभावी संगठन के रूप में अपनी पहचान बनाई है।



इसी सत्र के अंतिम चरण में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे अभिमन्यु ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने ग्राहक पंचायत के कार्यकर्ताओं से ग्राहक जागरूकता के साथ-साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए भी प्रयास करने का आह्वान किया।

पहले दिन के अंतिम सत्र में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव ने भी भाग लिया। उन्होंने ग्राहक पंचायत की गतिविधियों और समाजहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।



दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह, ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामबाबू यादव और क्षेत्रीय संगठन मंत्री नवीन जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया।



इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री नवीन जैन ने बारामती में आयोजित राष्ट्रीय बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों और विषयों की जानकारी दी। उन्होंने समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी में सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। माता-पिता को बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ उनकी गतिविधियों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में ग्राहक क्लब गठित करने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थियों को ग्राहक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया जा सके।


उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ग्राहक कल्याण निधि योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष दो हजार रुपये के योगदान वाले सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया है। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सदस्यों का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखने पर भी जोर दिया गया।



दूसरे दिन के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर संघ ने अपने शताब्दी वर्ष का महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा किया है। इस दौरान संगठन के कार्यों के विस्तार और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए पंच परिवर्तन के पांच विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।


उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है। यह देश की महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति ग्राहक है, इसलिए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पास समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचने का अवसर है। कार्यकर्ताओं को सजग और जागरूक होकर ग्रामीण स्तर तक ग्राहकों को उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना चाहिए।


अभ्यास वर्ग के दूसरे सत्र में ग्राहक पंचायत के विभिन्न आयामों के प्रमुखों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र की जानकारी दी और संगठन के विस्तार के लिए आवश्यक सूत्र बताए। विधि, पर्यावरण, प्रचार, महिला एवं अभ्यास वर्ग आयाम से जुड़े पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान रेवत सिंह, गुरुदत्त गर्ग, अलका गुप्ता और डीके शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।


राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुनील कुमार जैन ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगठन में पद से अधिक महत्व दायित्व का होता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को सौंपे गए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए।


अभ्यास वर्ग में गुरुग्राम से पहुंचे केसी गर्ग ने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक रहने के साथ आम लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति सचेत करें। वहीं फरीदाबाद से आए डॉ. ऋषिपाल शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने खाद्य पदार्थों में मिलावट, उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, भ्रामक विज्ञापनों और ऑनलाइन अरेस्टिंग जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ शरीर और स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं तथा ग्राहकों को खरीदारी करते समय सजग रहने की आवश्यकता है।

कार्यकर्ताओं से अपने जिलों में सक्रियता बढ़ाने का आह्वान

दो दिवसीय अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री मुनेश शर्मा और प्रदेश सचिव प्रमोद कुमार ने अभ्यास वर्ग में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अभ्यास वर्ग में प्राप्त मार्गदर्शन और प्रशिक्षण को अपने-अपने जिलों में व्यवहार में लाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने जिलों में लौटकर अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुरूप पूरी ऊर्जा, निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में संगठनात्मक प्रशिक्षण, ग्राहक अधिकारों के प्रति जनजागरण, सामाजिक संस्कारों, साइबर सुरक्षा और संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। अभ्यास वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन के कार्यों को प्रदेश के प्रत्येक जिले और ग्रामीण स्तर तक पहुंचाना रहा।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें