रेवाड़ी/अलवर :: रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से अलवर जा रही सवारी गाड़ी संख्या 19404 में RPF टास्क टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर अलवर RPF थाना पुलिस के सुपुर्द किया। बाद में दिल्ली पुलिस STF की टीम ने अलवर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितंबर 2026 को करीब शाम 6 बजे Sr. DSC/JP ओंकार सिंह तथा ASC/RE मनोज कुमार द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति का फोटो, नाम-पता एवं अन्य विवरण उपलब्ध करवाते हुए सूचना दी गई थी कि उसके सवारी गाड़ी संख्या 19404 में सवार होने की संभावना है। सूचना के आधार पर SI अशोक कुमार, टास्क टीम आरपीएफ रेवाड़ी ने ऑन-ड्यूटी कांस्टेबल संजय के साथ ट्रेन के रेवाड़ी पहुंचने पर उसमें सवार होकर संदिग्ध की तलाश शुरू की।
रेवाड़ी से अलवर के बीच कोच संख्या S-3 की सीट नंबर 23 पर एक व्यक्ति मिला। अधिकारियों द्वारा उपलब्ध करवाए गए फोटो से उसका मिलान करने पर उसकी पहचान संदिग्ध व्यक्ति के रूप में हुई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उसे अलवर स्टेशन पर उतारा गया।
इसके बाद दिल्ली पुलिस एसटीएफ, नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के इंस्पेक्टर आशीष दुबे से संपर्क कर संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में जानकारी दी गई। एसटीएफ की ओर से बताया गया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ दिल्ली के रूप नगर थाने में मुकदमा संख्या 162/2026, BNS की धारा 308(4), 351(4) के तहत 17 सितंबर 2026 को मामला दर्ज है तथा वह मामले में मुख्य आरोपी बताया गया है। दिल्ली STF ने अपनी टीम को अलवर भेजने की जानकारी देते हुए व्यक्ति को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने का अनुरोध किया. निर्देशों के अनुसार संदिग्ध को आरपीएफ थाना अलवर लाकर रोजनामचा में आवश्यक प्रविष्टि की गई और उसे लॉकअप में रखा गया।
रात करीब 2 बजे दिल्ली पुलिस एसटीएफ के एसआई हर्षित पैरवा अपनी टीम के साथ RPF थाना अलवर पहुंचे। टीम ने संदिग्ध की पहचान कर उससे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने स्वयं को Goldy Brar Gang का शूटर/सदस्य बताते हुए अवैध फिरौती एवं चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कही।
इसके बाद दिल्ली एसटीएफ टीम द्वारा उपस्थित स्टाफ एवं गवाहों के समक्ष नियमानुसार उसकी जामा तलाशी ली गई, जिसमें एक Android मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल फोन को कांस्टेबल निशांत, 2110/N, थाना रूप नगर, दिल्ली पुलिस के समक्ष नियमानुसार जब्त किया गया।
बाद में एसआई अशोक कुमार, टास्क टीम आरपीएफ रेवाड़ी द्वारा लिखित तहरीर देकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए दस्तावेज सौंपे गए, जिसका उल्लेख RPF पोस्ट अलवर के रोजनामचा में किया गया। इसके पश्चात दिल्ली पुलिस एसटीएफ ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें