कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव के आह्वान पर आज रेवाड़ी में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जिला स्तरीय मार्च आयोजित किया गया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम से पहले कांग्रेस एवं इंडि गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के मॉडल टाउन स्थित निवास पर एकत्रित हुए। इसके बाद 315-एल, मॉडल टाउन से अंबेडकर चौक तक मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस पार्टी के रेवाड़ी जिला प्रभारी चक्रवर्ती शर्मा ने की। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव के मार्गदर्शन में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कांग्रेस के रेवाड़ी जिला प्रभारी चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। SIR को लेकर देशभर में जिस तरह के सवाल और आपत्तियां सामने आ रही हैं, उनके चलते चुनाव आयोग को पारदर्शिता के साथ जनता और राजनीतिक दलों की चिंताओं का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की स्पष्ट मांग है कि SIR प्रक्रिया को रद्द किया जाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और इनका समाधान आवश्यक है।
चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि दिल्ली में विपक्षी सांसदों द्वारा चुनाव आयोग तक मार्च करने के प्रयास को रोका जाना और विपक्ष के नेताओं को चुनाव आयोग से मिलने का अवसर नहीं मिलना लोकतांत्रिक संवाद के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब विपक्षी सांसद स्वयं चुनाव आयोग के समक्ष अपनी बात रखना चाहते हैं, तो उन्हें मिलने का अवसर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि मतदाता के अधिकार, पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े सवालों को लेकर है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इन मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से उठाता रहेगा।
चक्रवर्ती शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल हुए कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेवाड़ी में संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता लोकतांत्रिक मुद्दों पर उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव की संगठन के प्रति सक्रियता और कार्यकर्ताओं को लगातार दिशा देने के लिए भी सराहना की और कहा कि उनके मार्गदर्शन से रेवाड़ी में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूती के साथ जनहित एवं लोकतांत्रिक मुद्दों को उठा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री जगदीश यादव, नीलम भगवाडिया, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, एससी सेल जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष धीरज यादव, ब्लॉक अध्यक्ष विजय, कांग्रेस एवं इंडि गठबंधन के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें