जय किसान आंदोलन रेवाड़ी टीम की एक महत्वपूर्ण बैठक किसान भवन में मास्टर धरम सिंह बोहतवास अहीर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों को बाजरे की उचित कीमत दिलाने तथा भावांतर योजना के बजाय बाजरे की वास्तविक एमएसपी पर सरकारी खरीद शुरू करवाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में हजारीलाल गांव किशनगढ़ को एससी सेल का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक के बाद जय किसान आंदोलन रेवाड़ी के जिला अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह के नेतृत्व में टीम ने रेवाड़ी अनाज मंडी का किसानों के साथ दौरा किया और मंडी में बाजरे की आवक तथा किसानों की समस्याओं का जायजा लिया। मंडी में बाजरे की आवक शुरू हो चुकी है, लेकिन किसानों को उचित भाव नहीं मिल रहा है। चौधरी सतपाल सिंह मिलकपुर ने बताया कि किसानों का बाजरा वर्तमान में लगभग 2,000 से 2,100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है, जबकि बाजरे का घोषित एमएसपी 2900 रुपये प्रति क्विंटल है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 800से 900 रुपये का नुकसान हो रहा है.
बाबूलाल ने सरकार से मांग की कि किसानों को भावांतर योजना के बजाय बाजरे की वास्तविक एमएसपी पर सरकारी खरीद की गारंटी दी जाए। क्योंकि मंडियों में बाजरे की आवक शुरू हो चुकी है, इसलिए सरकार 25 सितंबर से पहले सरकारी खरीद शुरू करे, ताकि किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। जय किसान आंदोलन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते बाजरे की एमएसपी पर सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई तो संगठन किसानों के हित में आगामी ठोस कदम उठाने के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार एवं संबंधित विभाग की होगी। इस अवसर पर रामनिवास, लालाराम, राजाराम, कैलाशचंद बहुतवास भोंदु, सुरेश कुमार, रितेश कुमार आदि उपस्थित रहे.


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें