Rewari News :: राधा अष्टमी पर नगरकोट वाली माता मंदिर में प्रथम भंडारा, सुमित गुप्ता ने जन्मदिन को मित्र मंडली में नहीं, माता रानी के चरणों में भंडारा लगाकर मनाया

राधा अष्टमी के पावन अवसर पर श्री नगरकोट (कांगड़ा) वाली माता मंदिर, गुर्जरवाड़ा, रेवाड़ी में माता रानी की असीम कृपा से प्रथम भंडारे का आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सहभागिता के साथ किया गया। भंडारे में लगभग 350 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए तथा पवित्र प्रसाद ग्रहण कर महामाई का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस भंडारे के यजमान श्री सुमित गुप्ता, सुपुत्र श्री हरी गुप्ता एवं उनका परिवार रहा। सुमित गुप्ता ने एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल करते हुए अपना जन्मदिन मित्र मंडली में मनाने के बजाय माता रानी के दरबार में सात्विक सेवा के रूप में भंडारा आयोजित कर मनाया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर माता रानी के चरणों में सेवा करने और श्रद्धालुओं को प्रसाद खिलाने से उन्हें विशेष आत्मिक संतोष प्राप्त हुआ।


भंडारे से पूर्व मंदिर के पुजारी चंद्रकांत जी द्वारा यजमान परिवार को विधिवत भंडारे का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद महामाई को भोग अर्पित किया गया तथा नौ कन्याओं का विधिवत पूजन एवं सम्मान किया गया। तत्पश्चात अभिजीत मुहूर्त में भंडारे का शुभारंभ हुआ और श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया।


इस अवसर पर सुमित गुप्ता एवं उनके परिवार ने भावुक होकर कहा कि “माता रानी की इच्छा और कृपा रही तो आगे भी हम अपने प्रत्येक जन्मदिन को माता रानी के मंदिर में ही सात्विक सेवा और भंडारे के रूप में मनाएंगे।” परिवार की इस भावना की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की।

भंडारे के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में मंदिर समिति के अग्रवाल परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं मोहल्लावासियों ने भी सेवा को अपना सौभाग्य मानते हुए बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। किसी ने व्यवस्था संभाली तो किसी ने प्रसाद वितरण में सहयोग किया। पूरे आयोजन में मोहल्ले के लोगों की सामूहिक भागीदारी ने इसे सेवा और भाईचारे का रूप दे दिया।


भंडारे के दौरान मोहल्ले के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने भावुक होकर कहा कि “हमने पिछले करीब 50 वर्षों से यहां कोई भंडारा नहीं देखा। पहली बार इस मंदिर में भंडारा होते देखकर मन बहुत प्रसन्न है।” उनके इन शब्दों ने आयोजन से जुड़े लोगों और उपस्थित श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। मोहल्लावासियों में भी पहली बार आयोजित हुए भंडारे को लेकर विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।



इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल ने अमित गुप्ता को माता रानी की पावन चुनरी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं समिति के सचिव ललित अग्रवाल ने श्री सुमित गुप्ता को जन्मदिन के अवसर पर उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

मंदिर समिति की ओर से यजमान श्री सुमित गुप्ता एवं उनके परिवार, मंदिर के पुजारी श्री चंद्रकांत जी तथा भंडारे को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी मोहल्लावासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

राधा अष्टमी के इस पावन अवसर पर आयोजित यह भंडारा केवल प्रसाद वितरण का आयोजन नहीं रहा, बल्कि जन्मदिन को सेवा, भक्ति और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने वाली एक ऐसी सुंदर पहल बन गया, जिसने श्रद्धालुओं के मन में माता रानी के प्रति श्रद्धा के साथ-साथ सेवा की भावना को भी और मजबूत किया।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें