रेवाड़ी में SDD CM EEE GSSS, मसानी में बुधवार को जिला स्तरीय पर्यावरण क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। SCERT, गुरुग्राम के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों की 50 टीमों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता एवं ज्ञान का परिचय दिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी श्री प्रदीप दहिया एवं जिला उप शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद यादव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी श्रीमती रेनू, जिला विज्ञान विशेषज्ञ रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नम्रता सचदेवा ने की। इस अवसर पर जिला गणित विशेषज्ञ श्री अशोक नामवाल की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
प्रतियोगिता में पर्यावरण संरक्षण, जल एवं वायु संरक्षण, जैव विविधता, प्रदूषण नियंत्रण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में सोनिया, विक्रम, संदीप एवं नीरू ने निर्णायक मंडल के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में बोड़िया कमालपुर स्कूल की टीम ने प्रथम, कनौरी स्कूल की टीम ने द्वितीय तथा पीएमश्री बावल बॉयज़ स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
जिला उप शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत हमारे दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विद्यालय, घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्रीमती रेनू ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए जल, वायु एवं जैव विविधता के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने तथा समाज में पर्यावरण जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्या डॉ. नम्रता सचदेवा ने सभी अधिकारियों, अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ उनमें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं और उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें