रेवाड़ी शहर की सेक्टर तीन मार्केट में श्री श्याम बाबा का 11वां विशाल जागरण एवं भंडारा बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस पावन अवसर पर बाबा का भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरा वातावरण बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से भक्तिमय बना रहा।
जागरण में प्रसिद्ध भजन गायक गौरव दत्त तिजारा, राम अवतार अग्रवाल जी मुंबई, संतोष व्यास रींगस एवं गोपाल वर्मा रेवाड़ी सहित अन्य कलाकारों ने बाबा श्याम के मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु बाबा के भजनों पर झूमते रहे और बाबा के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई।
इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में देसी घी से तैयार प्रसाद वितरित किया गया। अगले दिन भंडारा निरंतर चलता रहा, जिसमें लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल की व्यवस्था भी की गई। सेवा में जुटे आयोजकों एवं स्थानीय निवासियों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने भी पहुंचकर श्री श्याम बाबा के दर्शन किए और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित दिनेश, देविंदर, संदीप चौधरी, दीपक लाल, गौरव, नरेश शर्मा एवं सेक्टर के अनेक गणमान्य नागरिक व निवासी उपस्थित रहे।
इस विशाल धार्मिक आयोजन ने श्रद्धालुओं को भक्ति, प्रेम और सेवा के सूत्र में बांधने का कार्य किया। आयोजकों एवं स्थानीय निवासियों के सामूहिक सहयोग से जागरण और भंडारा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की सेवा, प्रसाद वितरण और निरंतर चले भंडारे ने सेवा और समर्पण की भावना को साकार किया।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें