हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर ऑर्गेनाइजेशन्स (HFUCTO) के तत्वावधान में विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षकों की लंबित मांगों तथा प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 24 सितम्बर 2026 को दोपहर 1:00 बजे से 4:00 बजे तक इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में राज्य स्तरीय सांकेतिक धरना आयोजित किया जाएगा। धरने के उपरांत विश्वविद्यालय के कुलपति के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांग-पत्र सौंपा जाएगा।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन एवं प्रबंधन इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (IGUTA), मीरपुर, रेवाड़ी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों के शिक्षकों के साथ गैर-शिक्षक कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को भी भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
IGUTA अध्यक्ष प्रो. सविता श्योराण ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों एवं उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने के लिए HFUCTO द्वारा प्रदेशव्यापी धरना श्रृंखला चलाई जा रही है।
इस धरना श्रृंखला की शुरुआत 1 सितम्बर 2026 को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में AIFUCTO उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र चाहर वHFUCTO अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र खटकड़ के नेतृत्व में की गई थी। इसके बाद 15 सितम्बर 2026 को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में GJUTA द्वारा इसी क्रम में सांकेतिक धरना आयोजित किया गया। अब इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 24 सितम्बर को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में IGUTA द्वारा राज्य स्तरीय धरना आयोजित किया जा रहा है।
प्रो. श्योराण ने बताया कि धरने में प्रदेशभर से सैकड़ों शिक्षक एवं विद्यार्थी एकजुट होकर उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों तथा शिक्षकों की लंबित मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। धरने के बाद प्रतिनिधिमंडल द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांग-पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि HFUCTO की यह राज्यव्यापी धरना श्रृंखला शिक्षकों की लंबित मांगों एवं उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर आगे भी जारी रहेगी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें