रेवाड़ी। पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) द्वारा दूसरा विशाल पंजाबी वैवाहिक परिचय सम्मेलन रविवार, 20 सितंबर 2026 को पंजाबी भवन, जेल रोड, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
पंजाबी समाज रेवाड़ी के पदाधिकारियों ने बताया कि समाज द्वारा आयोजित प्रथम वैवाहिक परिचय सम्मेलन को अभूतपूर्व सफलता मिली थी। इसमें करीब 500 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया था तथा लगभग 2000 लोगों ने शिरकत की थी। प्रथम सम्मेलन को मिले उत्साहजनक सहयोग को देखते हुए इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है।
सम्मेलन में देशभर के पंजाबी परिवारों को एक ही मंच पर आपसी परिचय एवं योग्य रिश्तों के लिए अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक पंजीकृत युवक अथवा युवती के साथ परिवार के तीन सदस्य सम्मेलन में शामिल हो सकेंगे। समाज का प्रयास है कि परिवारों को एक सम्मानजनक, पारिवारिक एवं विश्वसनीय वातावरण में एक-दूसरे को जानने और समझने का अवसर मिले।
आयोजन के दौरान पंजाबी समाज की ओर से प्रतिभागियों एवं उनके परिजनों के लिए ब्रेकफास्ट एवं लंच की पूरी व्यवस्था रहेगी। पंजीकरण शुल्क लड़कों के लिए ₹551 तथा लड़कियों के लिए ₹251 निर्धारित किया गया है।
इच्छुक युवक-युवतियों का पंजीकरण प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पंजाबी भवन, रेवाड़ी में करवाया जा सकता है। इसके साथ ही घर बैठे पंजीकरण की सुविधा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी उपलब्ध है।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य केवल युवक-युवतियों का परिचय कराना नहीं, बल्कि दो परिवारों को जोड़ने तथा संस्कार, विश्वास और आपसी समझ पर आधारित रिश्तों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक योग्य युवक-युवतियों का पंजीकरण कराने तथा सम्मेलन की जानकारी अपने रिश्तेदारों, मित्रों एवं परिचित परिवारों तक पहुंचाने की अपील की है।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें