आज के समय में जहां अधिकतर लोग जन्मदिन होटल, कैफे और पार्टी प्लेस में मनाते हैं, वहीं राज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने जन्मदिन मनाने का तरीका ही बदल दिया।
गुरुवार दिनांक 30 जुलाई 2026 को स्कूल के जून और जुलाई माह में जन्मे बच्चों ने अपना जन्मदिन रेवाड़ी के प्राचीन श्री हनुमान मंदिर, बड़ा तालाब में मनाया। मंदिर के महंत शुभम शर्मा जी के सान्निध्य में बच्चों ने बजरंगबली के चरणों में केक काटकर जन्मदिन की ख़ुशियाँ मनाईं। पूजा-अर्चना के बाद सभी बच्चों ने भगवान का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात बच्चों ने मंदिर परिसर में भजन गाकर और प्रार्थना करके समय बिताया।
इस अवसर पर महंत शुभम शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हम जीवन के विशेष अवसरों की शुरुआत भगवान के चरणों में करें तो हमारे अंदर अच्छे संस्कार, धार्मिक आस्था और सकारात्मक सोच विकसित होती है। यही हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। इस दौरान स्कूल के निदेशक नवीन सैनी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और धार्मिक भावना से जोड़ना है। मंदिर में बच्चों की श्रद्धा और अनुशासन देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान श्री हनुमान जी से बच्चों के स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर शिक्षक हितेश,कुनाल , रितिक, ज्योति,रश्मि,मीनाक्षी आदि स्टाफ उपस्थित रहें ।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें