रेवाड़ी हिंदुओं,खासकर पूर्वांचल से आए हजारों लोगों में लोकप्रिय 'छठ पूजा' को मनाने के लिए शहर में स्थायी छठ पूजा घाट के तुरंत निर्माण की जोरदार मांग उठी है । बड़ी संख्या में स्थानीय पूर्वांचली हिंदुओं ने छठ पूजा के घाट परिसर निर्माण के लिए सीएम-पीएम से अफॉर्डेबल रेट पर जमीन अलॉट करके सहयोग प्रदान करने का पुरजोर अनुरोध किया है। छठ पूजा सेवा समिति के बुलावे पर स्थानीय कोनसीवास रोड स्थित सूरज गार्डन में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच मुख्य वक्ता बनकर पहुंचे । उनके साथ कोर कमेटी के सदस्य एवं राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित दयाराम आर्य व नंदलाल यादव भी मौजूद थे । बैठक की अध्यक्षता छठ पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने की ।
बैठक में समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि सन 1995 से रेवाड़ी व आसपास विभिन्न काम-धंधों में लगे पूर्वांचल से आए लोग बड़ी संख्या में स्थायी निवासी बनकर रहते हैं और यहां के मतदाता हैं । छठ पूजा का उनके लिए ऐतिहासिक महत्व है । किराये पर जगह लेकर प्रतिवर्ष छठ पूजा के समय उन्हें भारी दिक्कतें और धन बर्बादी होती है । इसलिए छठ पूजा घाट और परिसर के लिए हूडा सेक्टर के विकसित एरिया में अफोर्डेबल दर पर लगभग 2 एकड़ स्थायी जगह अलॉट होना निहायत जरूरी है । उन्होंने जनहित में सक्रिय राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच से पूर्वांचल समाज की उक्त ज्वलंत मांग की आवाज सरकार तक पहुंचाने का पुरजोर अनुरोध किया,जिसका उपस्थित पूर्वांचल समाज के सभी लोगों ने जोरदार समर्थन किया ।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि बड़ी संख्या में पूर्वांचल से आए मेहनतकश,प्रतिभावान नागरिक देश-प्रदेश की जीडीपी बढ़ाने में अहम योगदान दे रहे हैं । उनके त्योहार,खासकर छठ पूजा आपसी भाईचारे और सामाजिक मेलजोल को बढ़ाने के कारण स्थानीय स्तर पर भी बहुत लोकप्रिय है । उन्होंने कहा कि व्यापक जनहित में सरकार को चाहिए कि नीति बनाकर देश-प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय एवं ऐसे कस्बे अथवा गांव जहां पूर्वांचल से आए निवासी छठ पूजा करते हैं,वहां आवश्यकतानुसार जगह अलॉट करके छठ पूजा घाटों के भव्य निर्माण में पूर्ण सहयोग देना चाहिए । इस सिलसिले में उन्होंने मंच की ओर से सीएम-पीएम को पत्र लिखने की बात कही ।
अशोक प्रधान ने कहा कि छठ पूजा के समारोह में वह अन्य स्थानीय लोगों के साथ सन 2018 से प्रतिवर्ष शामिल होते आ रहे हैं । छठ पूजा पूरे समाज में आपसी भाईचारा,एकता और धर्म-संस्कृति का संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करती है । उन्होंने देश-प्रदेश की सरकारों से अनुरोध किया कि पूर्वांचली लोगों की विशाल तादाद को ध्यान में रखते हुए जनहित में,व्यवस्थित आयोजन के लिए जिला मुख्यालयों,कस्बों,गांवों में जरूरतानुसार सुसज्जित छठ पूजा घाट परिसर तुरंत निर्मित किए जाने चाहिएं। उन्होंने कहा कि जनहित में समस्याओं का समाधान होने तक मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत लोक सेवा मंच का पूर्ण सहयोग पूर्वांचली समाज के साथ लगातार बना रहेगा । बैठक में संजय मिश्रा,बिमल ठाकुर,धीरेन्द्र कुमार,सरबजीत सिंह,प्रेम रंजन,प्रभाकर,ओमप्रकाश सिह,वृजाननद दुबे,जितेंद्र कुमार,अक्षय कुमार,अजीत कुमार आदि ने भी अपने विचार रखे । इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग उपस्थित थे ।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें