रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल नेतृत्व एवं कड़े दिशा-निर्देशों के तहत थाना कसौला पुलिस ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई करते हुए आईएमटी (IMT) बावल क्षेत्र से एक कंपनी कर्मचारी को बंधक बनाकर गाड़ी में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नाबालिगों सहित कुल पांच आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान मोहित (निवासी गांव तिहाड़ा) और कमल (निवासी सैनिक कॉलोनी, मोहल्ला जटवाड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मोहित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक अवैध देसी कट्टा और हुंडई वेन्यू गाड़ी भी बरामद कर ली है।
*क्या थी पूरी वारदात?*
डीएसपी बावल श्री सुरेंद्र श्योराण ने सोमवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला जालौन के गांव सिहारी निवासी सूरज सिंह ने गत 12 जुलाई को पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था की वह वर्तमान में गांव जलियावास में किराए के मकान में रहता है और IMT बावल के सेक्टर-6 स्थित टैक्नीको प्राइवेट कंपनी में ठेकेदारी पर काम करता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 जुलाई 2026 को शाम करीब 03:50 बजे जब वह अपनी कंपनी से ड्यूटी खत्म करके किराए के मकान पर लौट रहा था, तभी सेक्टर-6 स्थित गुटरमैन कंपनी के पास एक वेन्यू गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में 5 नौजवान लड़के सवार थे, जिन्होंने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया।
*हथियारों के बल पर मारपीट और ऑनलाइन लूट*
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने डरा-धमका कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर मोबाइल का पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से *₹24,000 ऑनलाइन ट्रांसफर* कर लिए। इसके बाद वे उसे बावल क्षेत्र के गांव दुल्हेड़ा खुर्द नहर के पंप हाउस (JC-1) के पास फेंककर गाड़ी सहित फरार हो गए।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सफलता*
डीएसपी श्री सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि घबराए पीड़ित ने अगले दिन 12 जुलाई को मामले की शिकायत पुलिस को दी थी। शिकायत मिलते ही थाना कसौला में लुट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके पुलिस की विभिन्न टीमें गठित की गईं। 12 जुलाई की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की संदिग्ध वेन्यू कार क्षेत्र में घूम रही है। पुलिस टीम ने जब गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो *आसवल फ्लाईओवर* के पास खुद को घिरा देख आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। भागते समय मुख्य आरोपी *मोहित* पास के एक गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आई। तलाशी के दौरान मोहित की जेब से *एक जिंदा रौंद* और गाड़ी से *एक देसी कट्टा* बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी में सवार दूसरे आरोपी को भी मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने घायल मोहित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज करवाया गया। सोमवार सुबह कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए इस वारदात में शामिल 3 अन्य नाबालिग साथियों को भी नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।
*आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड*
* मुख्य आरोपी *मोहित* पर इससे पहले भी थाना कसोला में मोबाइल और नकदी लूटने का एक मामला दर्ज है।
* आरोपी *कमल* एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही लूट और चोरी के करीब *8 से 9 मामले* दर्ज हैं।
*किराए की कार का किया इस्तेमाल*
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए रेवाड़ी से एक वेन्यू कार किराए (रेंट) पर ली थी। उन्होंने कार मालिक को झांसा दिया था कि उन्हें *खाटू श्याम जी* के दर्शन करने जाना है। इसके बाद उन्होंने इसी कार का इस्तेमाल लूट की वारदात के लिए किया।
*डीएसपी बावल, श्री सुरेंद्र श्योराण का संदेश:*
"रेवाड़ी पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इनसे गहनता से पूछताछ की जा सके।" जिला रेवाड़ी में कानून व्यवस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें