अग्रमठ हरियाणा द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी एवं अग्र समाज के सम्मानित व्यक्तित्व सुभाषचंद्र गुप्ता को हरियाणा प्रदेश मंत्री नियुक्त किए जाने के उपरांत उनके रेवाड़ी स्थित निवास पर बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। नियुक्ति की सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के गणमान्य लोग, उद्योगपति, व्यापारी, शिक्षाविद, अधिवक्ता, चिकित्सक, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता तथा अग्र समाज के वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सुभाषचंद्र गुप्ता की वर्षों से चली आ रही समाजसेवा, सरल स्वभाव, संगठनात्मक क्षमता एवं समाज के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह नियुक्ति पूरे रेवाड़ी जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री गुप्ता अपने अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता के बल पर संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सुभाषचंद्र गुप्ता ने इस अवसर पर सभी शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अग्रमठ संगठन द्वारा उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, वह उसके लिए सदैव कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश मंत्री के रूप में वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा समाजहित, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
दिनभर उनके निवास पर बधाई देने वालों का सिलसिला लगातार जारी रहा। पूरे माहौल में उत्साह और हर्ष का वातावरण देखने को मिला। शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित करते हुए उनके सफल, गौरवपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की। रेवाड़ी के मौजिज़ नागरिकों ने इसे न केवल सुभाषचंद्र गुप्ता का सम्मान बताया, बल्कि पूरे अग्र समाज एवं जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें