रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अपराधों पर लगाम लगाने और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। नशा मुक्त रेवाड़ी के संकल्प को दोहराते हुए सीआईए कोसली व थाना कोसली की टीमों ने संयुक्त रूप से कोसली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर एक विशेष सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया।
*इन इलाकों में चलाया गया विशेष सर्च ऑपरेशन*
यह संयुक्त चेकिंग अभियान नठेड़ा रोड, साल्हावास रोड, हुड्डा के पास स्थित झुग्गी बस्तियों, कोसली गांव के एक मोहल्ले सहित कई संवेदनशील स्थानों पर पर चलाया गया।
इस अभियान के दौरान प्रबंधक थाना कोसली निरीक्षक मनोज कुमार, सीआईए कोसली इंचार्ज पीएसआई नितीश कुमार व उनकी टीम ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके के विभिन्न संदिग्ध मकानों, ठिकानों और सार्वजनिक स्थानों की बारीकी से तलाशी ली।
नशे के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए रेवाड़ी पुलिस की टीमों ने अलसुबह ही इन लक्षित क्षेत्रों में दस्तक दी। पुलिस की इस अचानक हुई छापेमारी से नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
*युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे: एसपी*
इस विशेष अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए एसपी रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा: "इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिला रेवाड़ी को पूरी तरह से नशामुक्त बनाना और समाज में सुरक्षित माहौल पैदा करना है। जो लोग युवाओं को नशे की गर्त में धकेल कर उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। रेवाड़ी पुलिस नशे के काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और यह चेकिंग अभियान भविष्य में भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
*जनता से अपील: 'डायल 112' पर दें सूचना, नाम रहेगा गुप्त*
रेवाड़ी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे जिले को अपराध और नशामुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी भी नागरिक को अपने आसपास नशा बेचने, तस्करी करने या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को डायल 112 या MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें