भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से हरियाणा राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत 74-रेवाड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) रेवाड़ी सुरेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को सायं 4 बजे उनके कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी-1 एवं तहसीलदार रेवाड़ी रमन कुण्डु, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी-2 एवं नायब तहसीलदार रेवाड़ी रिंकू सिंह, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रेवाड़ी युधिष्ठिर, अतिरिक्त निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, निर्वाचन कानूनगो अजय यादव तथा भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट-1 (बीएलए-1) उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम सुरेश कुमार ने बीएलए-1 से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को जमा नहीं करवाए हैं, उन्हें शीघ्र प्रपत्र जमा करवाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समयावधि में सुचारु रूप से पूर्ण किया जा सके।
एसडीएम ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा मतदाताओं को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से ही शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार की जा सकेगी। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी से बीर सिंह छावड़ी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से ओपी यादव, बहुजन समाज पार्टी से जगदीश चंद्र, आम आदमी पार्टी से सुभाष अग्रवाल, कपिल और इंडियन नेशनल लोकदल से वरुण गांधी आदि मौजूद रहे उपस्थित रहे।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें