हरियाणा भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रेवाड़ी पहुंची। रेवाड़ी आगमन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता का बॉर्डर सहित शहर में अनेक स्थानों पर जगह जगह भव्य स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष की सहजता और कार्यकर्ताओं से मिलने के अंदाज ने सबका दिल जीत लिया। कार्यकर्ताओं ने बड़ी माला पहनाकर अर्चना गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया। रेवाड़ी में स्वागत सम्मान से गदगद नज़र आई अर्चना गुप्ता ने गणपति गार्डन में अभिनंदन समारोह को सम्बोधित किया।
हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रेवाड़ी पहुंचीं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 25 जून 1975 इंदिरा गांधी ने भारत के संविधान की हत्या की और लोकतंत्र को कुचल दिया था। उन्होंने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताया।
कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने का कार्य किया। कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर लाखों राजनीतिक कार्यकर्ताओं को रातोंरात गिरफ्तार कर जेलों में डाल दिया गया और यातनाएं दी। शहर के एक गार्डन में आयोजित सम्मेलन में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास की जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी संविधान बचाओ का भ्रामक प्रचार करें तब युवाओं को यह पता होना चाहिए कि संविधान की असली हत्यारी पार्टी कांग्रेस पार्टी है। अर्चना गुप्ता ने कहा कि जनविश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है और सेवा ही संकल्प, जनता ही शक्ति है। नागरिक अभिनंदन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अर्चना गुप्ता ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखे हमले किए और साथ ही हरियाणा भाजपा संगठन के आगामी रोडमैप को लेकर कई बड़े खुलासे किए।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर गंभीर आरोप लगाते हुए अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी के राज में भी पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और नैतिक मूल्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब के हालात इस कदर खराब हो चुके हैं कि खुद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान धर्म गुरुओं का अपमान कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
हरियाणा भाजपा संगठन की नई टीम को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि प्रदेश की आगामी नई टीम में सभी नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन में हर जिले को प्रतिनिधित्व मिलेगा ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी को और मजबूती दी जा सके। जब अर्चना गुप्ता से पूछा गया कि क्या जिलों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे, तो उन्होंने कहा, सभी जिला अध्यक्षों के कामों का गंभीरता से आंकलन किया जाएगा।
जहां भी बदलाव की जरूरत महसूस होगी, सिर्फ वहीं पर बदलाव किए जाएंगे। अधिकतर जिला अध्यक्ष पहले की तरह ही अपने पदों पर बने रहेंगे। हरियाणा के बोर्ड और निगमों में होने वाली राजनीतिक नियुक्तियों पर जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि नियुक्तियों को लेकर काम तेजी से चल रहा है। कुछ सूचियां पूरी तरह से तैयार हो चुकी हैं, जबकि कुछ पर अभी काम करना बाकी है, जिन्हें जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
सरकार में जीटी रोड बेल्ट के मुकाबले दक्षिण हरियाणा को कम प्रतिनिधित्व मिलने के आरोपों को प्रदेश अध्यक्ष ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में इलाके के हिसाब से भेदभाव का कोई मतलब ही नहीं है। अपनी बात को मजबूती से रखते हुए उन्होंने उदाहरण दिया कि गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह केंद्र सरकार में बड़े मंत्री हैं, वहीं उनकी बेटी आरती सिंह राव हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अहम जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में हर क्षेत्र और हर कार्यकर्ता की पूरी चिंता की जाएगी।
Editor -
राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)
ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com
* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें
- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें