Rewari News :: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर IMA रेवाड़ी एवं पतंजलि परिवार रेवाड़ी द्वारा बाल भवन में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया

रेवाड़ी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर IMA रेवाड़ी एवं पतंजलि परिवार रेवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में बाल भवन, रेवाड़ी में एक भव्य योग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रातःकाल आयोजित इस कार्यक्रम में 70 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोसली विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव ने शिरकत की। उन्होंने सभी उपस्थित जनों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विश्व गुरु होने के साथ-साथ योग गुरु भी है। भारत की हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति और ज्ञान की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


योग शिविर में प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, खड़े होकर, बैठकर तथा लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। साथ ही प्रत्येक योगाभ्यास के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। योगाभ्यास का संचालन बहन सरोज सोनी , बहन कांता जी एवं योग प्रशिक्षक श्री रामनिवास जी द्वारा किया गया। शिविर में IMA रेवाड़ी के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।



इस अवसर पर IMA रेवाड़ी के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने कहा कि योग आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वर्तमान जीवनशैली में हम सुबह से शाम तक काम के दबाव, तनाव, मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और अनेक जिम्मेदारियों में उलझे रहते हैं। ऐसे में योग हमें मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हम अक्सर बीमारी होने के बाद दवाइयों का सहारा लेते हैं, जबकि योग एक ऐसी प्राकृतिक औषधि है जो हमें अनेक बीमारियों से पहले ही बचाने का कार्य करती है। योग को दैनिक जीवन में अपनाकर हम स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकते हैं।



स्पोर्ट्स चेयरपर्सन डॉ. कंचन यादव ने स्वास्थ्य में विटामिन-डी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत में पर्याप्त धूप उपलब्ध होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग विटामिन-डी की कमी से ग्रस्त हैं। उन्होंने सभी को प्रतिदिन 10 से 15 मिनट सुबह की धूप लेने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने हरी पत्तेदार सब्जियों, दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नियमित सेवन के महत्व पर भी बल दिया।



कार्यक्रम में पतंजलि परिवार रेवाड़ी के 50 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक डॉ. नीलम यादव एवं डॉ. नरेंद्र यादव का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। आयोजन में डॉ. कृतिका पांडे (आयोजन सचिव), डॉ. कंचन यादव, महिपाल जी, होशियार सिंह और गीता बहन सहित IMA रेवाड़ी के अनेक चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई।



कार्यक्रम के समापन पर पतंजलि परिवार रेवाड़ी के प्रतिनिधियों द्वारा IMA रेवाड़ी के चिकित्सकों को स्वास्थ्य एवं योग संबंधी पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. कंचन यादव एवं डॉ. नीरज यादव ने सभी प्रतिभागियों, योग प्रशिक्षकों, पतंजलि परिवार के सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि “योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर हम स्वयं को स्वस्थ रखेंगे और समाज को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाएंगे।”



“योग करें, निरोग रहें” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें