Rewari News :: पंजाबी समाज की 'लाडली कन्यादान योजना' से जरूरतमंद बेटियों के विवाह पंजाबी भवन के एसी बैंक्वेट हॉल में कराए जाएंगे

रेवाड़ी, 7 जून। पंजाबी समाज (रजि.) की एक महत्वपूर्ण बैठक पंजाबी भवन, रेवाड़ी में समाज के अध्यक्ष सचिन मलिक एडवोकेट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज के प्रबुद्ध एवं गणमान्य सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा समाज हित एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।


बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सचिन मलिक एडवोकेट ने कहा कि पंजाबी समाज (रजि.) केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। समाज शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक उत्थान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में इन गतिविधियों को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।

बैठक में समाज द्वारा पिछले छह वर्षों से सफलतापूर्वक संचालित की जा रही वैवाहिक सेवा की समीक्षा की गई। सदस्यों ने बताया कि इस सेवा के माध्यम से अनेक परिवारों को लाभ मिला है। जनवरी माह में आयोजित विशाल परिचय सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए सर्वसम्मति से आगामी 20 सितंबर 2026 को द्वितीय विशाल परिचय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में परिवारों के भाग लेने की उम्मीद है।

बैठक में समाज की निःशुल्क बुक बैंक योजना की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि इस योजना के माध्यम से अब तक 15 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। जरूरतमंद विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने का यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर बाजार से नई पुस्तकें खरीदकर भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।

सामाजिक कल्याण समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को चिकित्सा सहायता, शिक्षा सहायता एवं कन्याओं के विवाह हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। बैठक में इन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान एवं उनके सामाजिक योगदान पर भी विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर बताया गया कि समाज के वरिष्ठ सदस्य आनंदम उपवन के सदस्यों के लिए प्रत्येक माह सामूहिक जन्मदिन समारोह का आयोजन करते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में खुशियां बांटना, उन्हें सम्मान प्रदान करना तथा सामाजिक सौहार्द एवं अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना है। अध्यक्ष सचिन मलिक एडवोकेट ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

बैठक में एक महत्वपूर्ण मानवीय निर्णय लेते हुए पंजाबी समाज (रजि.) ने रेवाड़ी जिले में मिलने वाले लावारिस शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार एवं पिंडदान का दायित्व अपने हाथों में लेने का संकल्प लिया। समाज द्वारा लावारिस शवों का अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार स्वर्ग आश्रम, दिल्ली रोड, रेवाड़ी में कराया जाएगा तथा उनका पिंडदान भी विधिवत संपन्न कराया जाएगा। इस सेवा कार्य का समस्त खर्च पंजाबी समाज (रजि.) द्वारा वहन किया जाएगा। सदस्यों ने इसे मानवता की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।




'लाडली कन्यादान योजना' बनी बैठक का मुख्य आकर्षण

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एवं सराहनीय निर्णय पंजाबी समाज (रजि.) द्वारा 'लाडली कन्यादान योजना' का शुभारंभ रहा। इस योजना के अंतर्गत रेवाड़ी जिले के आर्थिक रूप से कमजोर पंजाबी परिवारों की बेटियों को समाज द्वारा संरक्षण प्रदान किया जाएगा तथा उनके विवाह की संपूर्ण जिम्मेदारी पंजाबी समाज (रजि.) उठाएगा।

योजना के तहत पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह का खर्च समाज द्वारा वहन किया जाएगा तथा उनके विवाह पंजाबी भवन, रेवाड़ी के आधुनिक एसी बैंक्वेट हॉल में पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ सम्पन्न कराए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य प्रत्येक माता-पिता के उस सपने को साकार करना है कि उनकी बेटी का विवाह भी सम्मानजनक वातावरण में धूमधाम से हो। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने इस योजना का स्वागत करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

बैठक के अंत में अध्यक्ष सचिन मलिक एडवोकेट ने समाज के सभी सदस्यों से सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने अपील की कि रस्म पगड़ी के अवसर पर अनावश्यक भोज की परंपरा को कम किया जाए तथा भोजन की व्यवस्था केवल बाहर से आने वाले बिरादरी एवं रिश्तेदारों तक सीमित रखी जाए। इससे सामाजिक सादगी को बढ़ावा मिलेगा और शोकग्रस्त परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ भी कम होगा।

अंत में अध्यक्ष सचिन मलिक एडवोकेट ने कहा कि पंजाबी समाज (रजि.) का उद्देश्य केवल अपने समाज तक सीमित न रहकर मानवता की सेवा करना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग, वरिष्ठजनों के सम्मान, जरूरतमंद बेटियों के विवाह तथा जनकल्याण के अन्य कार्यों के माध्यम से समाज निरंतर सेवा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने पंजाबी समाज (रजि.) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा सभी सदस्यों ने समाज हित के कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का विश्वास व्यक्त किया।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें