रेवाड़ी में केंद्रीय कृषि मंत्री तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कल 30 जून को कृषि महाविद्यालय बावल में राज्य स्तरीय खेत बचाओ अभियान के समापन समारोह की अध्यक्षता के साथ ही बावल क्षेत्र की कई योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा और डीसी अभिषेक कुमार मीणा ने आगमन स्थल का दौरा कर लगाई गई यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी का जायजा लेकर रिहर्सल की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी रूटों का निरीक्षण करते हुए अन्य वैकल्पिक रूटों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आस पास बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सफाई, टॉयलेट्स, वीवीआईपी, मीडिया गैलरी, चेकिंग पॉइंट, हेलीपैड और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को जांचा।
उन्होंने वीआईपी आगमन के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु इस संबंध में बैठक लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों से जाम की स्थिति न बने तथा सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक ना रहे इसके लिए सतर्क एवं सजग रहकर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों और पहलुओं पर बारीकी से जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए साथ ही असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। अफवाहों पर ध्यान ना दें और कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कड़े शब्दों में कहा है कि कोई भी इन कार्यक्रम की आड़ में असामाजिक/ अपराधिक गतिविधियां करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से बावल में 13 नाके लगाए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए सिविल वर्दी में भी पुलिस बल की अलग से तैनाती की गई है। इसके अलावा दंगा निरोधक दस्ता, बम डिस्पोजल, टियर गैस स्क्वाड, वजरा वाहन की भी अलग से तैनाती की गई है।
रिहर्सल दौरान डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ रविन्द्र सिंह, डीएसपी श्री संजीव बल्हारा, डीएसपी बावल श्री सुरेन्द्र श्योराण, डीएसपी कोसली श्री विद्यानंद, डीएसपी ट्रैफिक श्री पवन कुमार सहित कार्यक्रम मे लगी सभी ड्यूटीओं के प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
*आमजन से पुलिस प्रशासन की अपील –* पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि 30 जून को कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन चालक अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा न करें तथा पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग में खड़ा करें। नाकों या पार्किंग पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना करके पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।





0 comments:
एक टिप्पणी भेजें