द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की रेवाड़ी शाखा द्वारा शनिवार को आईसीएआई भवन, महाराणा प्रताप चौक, रेवाड़ी में "एमएसएमई महोत्सव-2026" का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेवाड़ी के माननीय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है तथा रोजगार सृजन, नवाचार एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उद्यमियों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्योग एवं व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारी आशीष गुप्ता एवं एमएसएमई अधिकारी करण सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता, ऋण योजनाओं एवं एमएसएमई से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञों ने वित्तीय प्रबंधन, कराधान, डिजिटल अनुपालन एवं व्यवसाय विस्तार के अवसरों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सीए निधि गौतम ने प्रभावशाली एवं आकर्षक ढंग से किया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंघल, चरत अग्रवाल, प्राचार्य राकेश शर्मा, मुकेश गुप्ता, आईसीएआई रेवाड़ी शाखा के अध्यक्ष सीए नितिन गोयल, उपाध्यक्ष सीए अनु जैन, सचिव सीए सतीश कुमार, तथा प्रबंध समिति के सदस्य सीए साहिल खरबंदा, सीए केसरी नंदन अग्रवाल, सीए पवन कुमार, सीए संजीव जैन, सीए आर. के. गुप्ता एवं सीए कश्यप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अनेक उद्यमियों एवं सीए विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
आईसीएआई रेवाड़ी शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को नवीनतम वित्तीय, कानूनी एवं कर संबंधी जानकारियों से अवगत कराना तथा उद्योग एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। बड़ी संख्या में उद्यमियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विद्यार्थियों की सहभागिता ने इस आयोजन को अत्यंत सफल एवं सार्थक बनाया।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें