इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की टीम 2026 द्वारा “आओ गाँव चलें” अभियान के अंतर्गत रविवार, 24 मई 2026 को गाँव सहारनवास स्थित दादा जी स्पोर्ट्स अकैडमी में एक भव्य जागरूकता शिविर एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की थीम “एक कदम जागरूकता की ओर” रही, जिसके माध्यम से महिलाओं, बच्चों और परिवारों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का स्वागत दादा जी लाइब्रेरी की भावना जी एवं समीक्षा जी द्वारा किया गया। हरियाणवी गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। डॉ. सुमित्रा ने “आओ गाँव चलें” अभियान के उद्देश्य और समाज में इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
डॉ. नीरज यादव ने महिलाओं में होने वाली समस्याओं, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर, सफेद पानी की समस्या तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और जागरूकता से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। डॉ. पूनम ने महिलाओं को ब्रेस्ट सेल्फ एग्जामिनेशन की जानकारी देते हुए स्तन कैंसर की प्रारंभिक पहचान के महत्व को समझाया। वहीं डॉ. प्रीति ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए माताओं एवं दादी-नानियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
शेल्जा जी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं को बाजार से जोड़कर स्वरोजगार बढ़ाने के उपाय बताए। रेखा जी ने अंधविश्वास छोड़कर जागरूक समाज की ओर बढ़ने का संदेश दिया। वहीं योगेश्वर जी ने ऑर्गेनिक खेती पर विशेष जोर देते हुए इसके स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संबंधी फायदों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रासायनिक खादों और दवाइयों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान बताते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती द्वारा संचालित सिलाई केंद्र की महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह वितरण सेवा भारती के नगर अध्यक्ष रामतीर्थ जी एवं बिशन जी तथा राज्य प्रतिनिधि श्री नरेंद्र जी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वृक्षारोपण रहा, जिसे ब्रेस्ट कैंसर सर्वाइवर एवं बालिका शिक्षा प्रेरक श्रीमती विजया राव द्वारा किया गया।
सरपंच साहिबा ने अपने आशीर्वचन में ऐसे जागरूकता अभियानों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया तथा आईएमए टीम 26 के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में समीक्षा जी एवं डॉ. पूनम ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद किया। हरियाणवी नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
अंत में डॉ. नीरज यादव ने कहा कि “जागरूक गाँव ही स्वस्थ समाज की पहचान है।” उन्होंने बताया कि आईएमए टीम 26 लगातार “आओ गाँव चलें” अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। टीम का उद्देश्य केवल चिकित्सा सेवाएँ देना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक, स्वस्थ एवं सशक्त बनाना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और “आओ गाँव चलें” अभियान को और अधिक सार्थक बनाएंगे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें