ग्राम समचार,गोड्डा। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई तय होगी।
एसपी ने निर्देश देते हुए कहा कि जिले में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहनी चाहिए। थाना क्षेत्रों में अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तथा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिशों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती, वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने दो टूक कहा कि यदि किसी थाना क्षेत्र में लापरवाही, शिकायतों की अनदेखी, अनुशासनहीनता या जनता के साथ गलत व्यवहार की शिकायत मिली, तो संबंधित पुलिस पदाधिकारी सीधे कार्रवाई के दायरे में होंगे।
एसपी ने कहा कि पुलिस की असली पहचान जनता में सुरक्षा, विश्वास और न्याय का माहौल कायम करना है। इसलिए हर पुलिस अधिकारी को ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें