Godda News: NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल एवं कदाचार मुक्त संचालक को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में



ग्राम समाचार, गोड्डा ब्यूरो रिपोर्ट:- आज 03.05.2026 रविवार को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा (समय: अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा वैद्यनाथ उरांव के द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा एवं जिला कम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस गोड्डा एवं अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी के द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, महागामा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच तथा निर्धारित समय पर परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल हों। जिला प्रशासन परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रतिबद्ध है तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा चुकी हैं। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्राचार्य एवं सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस गोड्डा के प्राचार्य, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य सहित शिक्षकगण मौजूद रहे।


Share on Google Plus

Editor - भुपेंद्र कुमार चौबे (चांद)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें