रेवाड़ी के विवेकानंद विद्या विहार चिल्हड़ की 12वीं कक्षा की छात्रा दीपिका मेघवाल को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की शाखा रेवाड़ी से केंद्र के प्रांत सह संचालक दशरथ चौहान तथा नगर प्रमुख महेश शर्मा द्वारा छात्रा की उत्कृष्ट उपलब्धि हेतु स्मृति चिन्ह तथा विवेकानंद केंद्र का साहित्य देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में विद्यालय की तीन अन्य छात्राओं को भी मैट्रिक में उनकी विशेष उपलब्धि पर स्मृति चिन्ह और विवेकानंद केंद्र का साहित्य देकर सम्मानित किया गया, साथ ही विवेकानंद विद्या विहार के संचालक श्री दिनेश यादव को भी स्मृति चिन्ह और एक पुस्तक देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दशरथ चौहान ने छात्र-छात्राओं के समक्ष स्वामी जी के प्रेरक प्रसंग सुनाए। छात्रा दीपिका मेघवाल ने अपने उद्बोधन में अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों तथा संचालक दिनेश यादव को दिया। केंद्र के नगर प्रमुख महेश शर्मा ने केंद्र का एक प्रेरक गीत "अविरल चलती रहे साधना, अविरत चलती रहे साधना।" गाया।
अंत में दिनेश यादव जी ने विवेकानंद केंद्र से आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बसंत कुमार ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल प्रोमिला यादव सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें