रेवाड़ी शहर के सर्कुलर रोड स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में शुक्रवार को मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीसी अभिषेक मीणा ने बोर्ड परीक्षाओं एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। शिक्षा न केवल व्यक्ति के ज्ञान और व्यक्तित्व का विकास करती है, बल्कि उसे आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक भी बनाती है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लड़कियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
डीसी ने विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों की भी सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, पार्षद चंदन यादव, कार्यवाहक प्राचार्या मोनिका यादव और शिक्षिका पूनम यादव सहित स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें