राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर में शिक्षा, संस्कार और प्रेरणा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब समाजसेविका मिथलेश यादव द्वारा अपने स्वर्गीय पति लेफ्टिनेंट कर्नल ओमप्रकाश यादव की पुण्य स्मृति में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित कर उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करना था। समारोह में विद्यालय के कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं फूलमालाओं के साथ सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्राचार्य मनोज कुमार ने मुख्य अतिथि समाजसेविका मिथलेश यादव एवं विशिष्ट अतिथि पूनम यादव धर्मपत्नी ग्रुप कैप्टन विजय यादव का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष दीपिका सोनी ने की। अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि मिथलेश यादव वर्षों से शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं। वे प्रत्येक वर्ष आसपास के ग्रामीण विद्यालयों की प्रतिभाओं को सम्मानित कर विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायक प्रयास समाज में शिक्षा का वातावरण मजबूत करते हैं तथा विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के अनुसार नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को 5100 रुपये, 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3100 रुपये, 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वालों को 2100 रुपये तथा 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में दोनों कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को कुल लगभग 51 हजार रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई।
कक्षा दसवीं की डिंपी वर्मा पुत्री विकास कुमार, यशिका पुत्री अशोक कुमार, सुकन्या पुत्री जिले सिंह, गुंजन पुत्री अमरदीप, अंजलि सोनी पुत्री आशीष कुमार, मोनिका पुत्री सुनील कुमार, वंशिका पुत्री नवल किशोर, अंजलि पुत्री अशोक कुमार, तनीषा पुत्री राजबीर, कंचन पुत्री सुरेन्द्र कुमार, गोविंद, शायना पुत्री सतवीर, खुशबू पुत्री सुखबीर, कीर्ति पुत्री रविंद्र कुमार, इशांत पुत्र मनोज कुमार, विपिन पुत्र सतबीर तथा हर्षिता पुत्री सोनू सहित अनेक विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा बारहवीं की खुशी पुत्री सुंदरलाल, महक पुत्री इंद्राज, संजना पुत्री विक्रम सिंह, सिमरन पुत्री सोनू, कुणाल पुत्र रामानंद, गुंजन कुमारी पुत्री श्रीकांत, राधिका पुत्री धर्मेंद्र, अमित पुत्र विक्रम तथा अंजलि पुत्री अजय कुमार सहित अन्य मेरिट प्राप्त विद्यार्थियों को भी नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
विशिष्ट अतिथि पूनम यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थी न केवल अपने परिवार और विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा हैं।
मुख्य अतिथि मिथलेश यादव ने अपने भावुक संबोधन में कहा कि स्वर्गीय लेफ्टिनेंट कर्नल ओमप्रकाश यादव सदैव शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च महत्व देते थे। उनका मानना था कि शिक्षित युवा ही देश का भविष्य बदल सकते हैं। उन्हीं की प्रेरणा से परिवार लगातार शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी लगन और ईमानदारी से अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनके कठिन परिश्रम के साथ-साथ शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं अभिभावकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष दीपिका सोनी, उपाध्यक्ष मीनू कुमारी, शिक्षाविद दयाराम आर्य, सदस्य कैप्टन फकीर चंद, प्रवक्ता सोमबीर यादव, विक्टोरिया, अनीता रोहिल्ला , संजू यादव, कांता लहकरा, मनीषा शर्मा, सुविधा यादव, रेखा रोहिल्ला, मीनाक्षी चुग, पुनीता सैनी तथा अध्यापक रविंद्र कुमार, मुकेश कुमार, हरिता शर्मा, पूनम देवी, मंजू लता, प्रिया, राजेश कुमार सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें