पद्मिनी एकादशी के पावन अवसर पर प्राचीन श्री श्याम मंदिर जैतपुर धाम में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली तथा सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर समस्त जैतपुर ग्रामवासियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए मीठे जल की व्यवस्था की गई। सेवा भाव से ओत-प्रोत ग्रामीणों ने आने वाले श्रद्धालुओं को जल वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्री श्याम सेवा समिति जैतपुर धाम के अध्यक्ष प्रधान ताराचंद यादव ने बताया कि बाबा श्याम के दरबार में प्रतिदिन दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु खाटू श्याम की तर्ज पर दर्शन हेतु पहुंचते हैं। श्रद्धालु स्वेच्छा से सेवा कार्यों में भाग लेते हुए जल सेवा एवं भंडारों की व्यवस्था करते हैं। उन्होंने बताया कि श्री श्याम सेवा समिति जैतपुर धाम पिछले 25 वर्षों से निरंतर सेवा कार्यों में समर्पित होकर कार्य कर रही है।
इस दौरान प्रधान ताराचंद यादव, सुरेंद्र जोशी, पुजारी देसराज, अन्नू यादव, साहिल, मंजीत सहित अनेक ग्रामवासियों ने श्रद्धालुओं की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयघोषों से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें