ग्राम समाचार, भागलपुर। भागलपुर बेटरमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं खानकाह पीर दमड़िया शाह मार्केट भागलपुर के सज्जादानशीन हज़रत सैयद शाह फख़रे आलम हसन ने ईद-उल-अज़हा के अवसर पर बुधवार को भागलपुरवासियों तथा समस्त मुस्लिम समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक संदेश जारी किया है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि ईद-उल-अज़हा हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम और हज़रत इस्माईल अलैहिस्सलाम की महान कुर्बानी, आज्ञाकारिता, समर्पण और अल्लाह की इच्छा के प्रति पूर्ण निष्ठा की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल जानवर की बलि देने का नाम नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों, अहंकार, ईर्ष्या, द्वेष, स्वार्थ और पापों को त्यागने का भी संदेश देती है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि इस पावन अवसर पर अपने भीतर दया, सहानुभूति, त्याग, भाईचारा और मानव सेवा की भावना विकसित करें तथा गरीबों, अनाथों, विधवाओं और जरूरतमंदों की सहायता कर ईद की खुशियों में उन्हें भी सहभागी बनाएं। भागलपुर बेटरमेंट फाउंडेशन की ओर से नागरिकों से विशेष अनुरोध किया गया कि कुर्बानी के दौरान स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें, अवशेषों का उचित निस्तारण करें तथा सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को गंदगी से बचाएं। साथ ही दिखावा, शोर-शराबा और फिजूलखर्ची से बचने की भी अपील की गई। संदेश में युवाओं को धार्मिक, नैतिक और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर भी बल दिया गया। हज़रत सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन ने कहा कि एक सभ्य, स्वच्छ, शांतिपूर्ण और नैतिक मूल्यों पर आधारित समाज ही वास्तविक इस्लामी समाज की पहचान है। यदि ईद-उल-अज़हा के अवसर पर इन शिक्षाओं को अपनाया जाए तो भागलपुर शांति, भाईचारे, स्वच्छता और मानवता की मिसाल बन सकता है। अंत में उन्होंने दुआ किया कि अल्लाह तआला सभी की कुर्बानियों, इबादतों और नेक कार्यों को स्वीकार फरमाए तथा देश और समाज में शांति, एकता और खुशहाली कायम रखे।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें