राजस्थान में प्राचीन श्री श्याम मंदिर जैतपुर धाम के नजदीक खाटू तर्ज पर निर्मित भव्य श्याम कुंड का कार्य पूर्ण हो चुका है और इसके उद्घाटन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर कमेटी ने बताया कि श्याम भक्तों में इस धार्मिक धरोहर के उद्घाटन को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
श्याम कुंड का निर्माण महामंडलेश्वर रामेश्वर दास महाराज के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में कराया गया है। खाटू श्याम धाम की तर्ज पर तैयार किया गया यह भव्य श्याम कुंड श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का विशेष केंद्र माना जा रहा है।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद महामंडलेश्वर रामेश्वर दास महाराज एवं श्री श्याम सेवा समिति जैतपुर धाम के अध्यक्ष प्रधान ताराचंद यादव ने श्याम कुंड स्थल का निरीक्षण कर उद्घाटन तैयारियों का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सरपंच प्रतिनिधि मोहित यादव, सचिन दास महाराज सहित समिति के सदस्य एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्याम कुंड निर्माण को जैतपुर धाम के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
श्री श्याम सेवा समिति जैतपुर धाम के अध्यक्ष प्रधान ताराचंद यादव ने बताया कि महामंडलेश्वर रामेश्वर दास महाराज ने निजी कोष से इस भव्य श्याम कुंड का निर्माण आम जन एवं श्याम भक्तों की सुविधा और आस्था को ध्यान में रखते हुए करवाया है। उन्होंने कहा कि खाटू तर्ज पर बन रहा यह श्याम कुंड श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा तथा दूर-दूर से आने वाले भक्तों के लिए भक्ति और आध्यात्मिक अनुभव का प्रमुख केंद्र बनेगा।
आगामी उद्घाटन समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।





0 comments:
एक टिप्पणी भेजें