Rewari News :: रेवाड़ी नगर परिषद व धारूहेड़ा नगर पालिका से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को कैप्टन हाउस पर पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने पार्टी की ओर से टिकट प्रदान की

रेवाड़ी में नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से रेवाड़ी और धारूहेड़ा के लिए टिकटों की घोषणा कर दी गई है। जिसके बाद रेवाड़ी में कैप्टन हाउस पर दोनों कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने टिकट प्रदान की और चुनाव मैदान में उतारा। इस मौके पर पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने बुधवार को अपने निवास स्थान मॉडल टाउन पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान रेवाड़ी नगर परिषद की कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका चौधरी एवं धारूहेड़ा नगर पालिका की कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी राज को अपने हाथों से टिकट प्रदान कर पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर दोनों उम्मीदवारों ने पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, चिरंजीव राव एवं कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व व प्रदेश पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा भरोसा दिलाया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगी और चुनाव मजबूती से लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि वे भाजपा की सांप्रदायिक और जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करेंगी।


पत्रकारों को संबोधित करते हुए चिरंजीव राव ने कहा कि भाजपा केवल महिलाओं के आरक्षण की बात करती है, जबकि कांग्रेस ने रेवाड़ी में दोनों सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारकर 100% आरक्षण देकर महिलाओं को वास्तविक सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के हित, सम्मान और विकास की बात करती है, जबकि भाजपा केवल दिखावा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज महंगाई के कारण महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रसोई गैस सिलेंडर महंगे होने के कारण कई घरों में चूल्हा जलाना पड़ रहा है। साथ ही महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।


चिरंजीव राव ने रेवाड़ी शहर की समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि हल्की सी बारिश में शहर तालाब बन जाता है, पीने के पानी की भारी किल्लत है, कूड़े के ढेर लगे हैं, आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं और जाम की समस्या बनी रहती है। नगर परिषद में भ्रष्टाचार चरम पर है तथा फैमिली आईडी और प्रॉपर्टी आईडी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि धारूहेड़ा में भी विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। दूषित पानी, टूटी सड़कें और खराब ट्रैफिक व्यवस्था आज भी प्रमुख समस्याएं बनी हुई हैं। कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत के बाद रेवाड़ी और धारूहेड़ा की सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।


इस अवसर पर निहारिका चौधरी ने कहा कि पिछले नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने रेवाड़ी की जनता से कई वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने विकास के नाम पर केवल लोगों को गुमराह किया और रेवाड़ी को वर्षों पीछे धकेल दिया। वहीं कुमारी राज ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में धारूहेड़ा में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वे लगातार जनता के बीच रहीं और आगे भी जनता की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगी। दोनों उम्मीदवारों ने जनता से अपील की कि वे उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएं ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा सके।



Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें