रेवाड़ी के राजकीय पॉलिटेक्निक लिसाना में पतंजलि परिवार के तत्वावधान में मेजर राजपाल यादव के विशेष प्रयासों से आयोजित दिव्य योग शिविर का उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रवीण कुमार ने की। शिविर का शुभारंभ प्राचार्य प्रवीण कुमार एवं पतंजलि परिवार के राज्य प्रभारी युवा भारत प्रदीप डागर (गौसेवक) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।
योग शिविर पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी दयाराम आर्य के नेतृत्व में पतंजलि परिवार के पांचों संगठनों के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और योग को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में विशेष रूप से मुकेश कुमार (जिला प्रभारी, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट), आनंद डागर (जिला प्रभारी, युवा भारत), चिंटू योगी (सह प्रभारी, युवा भारत), अमन कुमार (अध्यक्ष, गौ उपचारशाला रामतलाई), दयानंद आर्य (तहसील प्रभारी) सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह मानसिक शांति एवं आध्यात्मिक संतुलन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं आमजन से नियमित योग को जीवनशैली में अपनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ योग शिक्षक एवं तहसील प्रभारी कैप्टन राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में संतुलित आहार एवं व्यवहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
राज्य प्रभारी प्रदीप डागर गौसेवक ने पतंजलि परिवार द्वारा संचालित योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का व्यावहारिक अभ्यास करवाया तथा उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। जिला प्रभारी राज सिंह (पतंजलि किसान सेवा समिति) ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित कर निरोगी समाज की स्थापना करना है। पतंजलि परिवार की ओर से प्राचार्य प्रवीण कुमार व मेजर राजपाल यादव को अंगवस्त्र तथा सत्यार्थ प्रकाश भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था स्टाफ सदस्य—चरण सिंह, रविकांत, जितेंद्र तोमर, नरेंद्र सिंह, जगदीप सहित सैकड़ों विद्यार्थियों ने योग शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें