रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा निर्देशन एवं डीएसपी सुरेंद्र श्योराण के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए रेवाड़ी सीआईए पुलिस टीम ने शहर की दो बुजुर्ग महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर सोने के कुंडल और नकदी ठगने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा के मातोर रोड निवासी गोविंद व मोहल्ला गुर्जरवाड़ा रेवाड़ी निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगे गए दो जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए हैं। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने सचिवालय सभागार में पत्रकार वार्ता कर बताया कि गत 9 फरवरी को मोहल्ला बंजारवाड़ा निवासी एक बुजुर्ग महिला जब अपने पोते को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी, तब इन आरोपियों ने उन्हें बातों में उलझाया और लॉटरी निकलने का झांसा देकर उनके कानों के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद फोटो खींचने के बहाने से आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी प्रकार पहले भी दोनों आरोपियों ने गत 6 फरवरी को पीएनबी बैंक, सर्कुलर रोड के पास एक अन्य बुजुर्ग महिला को ठगा। वहां उन्होंने महिला को झांसा देकर एक जोड़ी कुंडल और 6,000 रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने थाना शहर में ठगी के दो अलग अलग केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इन मामलों में सीआईए रेवाड़ी ने मामले में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोह दो शातिर सदस्य राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा के मातोर रोड निवासी गोविंद व मोहल्ला गुर्जरवाड़ा रेवाडी निवासी राजकुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इन वारदातों में ठगे गए दो जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया हैं।
पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी अकेले जा रही बुजुर्ग महिला/ पुरुष को निशाना बनाते थे। आरोपी गोविंद के खिलाफ पहले भी राजस्थान के जिला अलवर व खैरथल तिजारा के अलग अलग थानों में ठगी के 12 मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार आरोपी राजकुमार के खिलाफ भी जिला महेंद्रगढ़ और राजस्थान के विभिन्न थानों में 6 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी वर्तमान में बहरोड़ और नारनौल में दर्ज दो अन्य मामलों में भी वांछित (Wanted) चल रहे है। डीएसपी श्योराण ने जनता को सतर्क करते हुए कहा कि कोई अनजान व्यक्ति आपके पास आकर "चिकनी-चुपड़ी" बातें करता है या बहुत ज्यादा अपनापन दिखाता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। ऐसे व्यक्तियों की बातों पर भरोसा न करें। विशेषकर हमारे बुजुर्ग लोग ध्यान दें, यदि कोई अनजान व्यक्ति आपके पास आकर बहुत ज्यादा अपनत्व दिखाए या लालच भरी बातें (जैसे लॉटरी या गहने दोगुने करना) कहे, तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं। वहां से निकल जाएं। यदि आपके साथ ठगी का प्रयास भी हुआ है, तो भी डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाना को इसकी सूचना दें ताकि ऐसे अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें