ग्राम समाचार, गोड्डा ब्यूरो रिपोर्ट:- जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त गोड्डा, अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से बसंतराय तालाब के समीप आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बिसुआ मेला की अंतिम तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तालाब की समुचित सफाई, विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु CCTV अधिष्ठापन, 24×7 अग्निशमन वाहन की तैनाती, अस्थायी चिकित्सा केंद्र में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति, कंट्रोल रूम का संचालन, घाटों पर चौकीदार, गोताखोर एवं आपदा मित्रों की तैनाती, दुकानों का क्रमवार आवंटन, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उपायुक्त ने कहा कि बिसुआ मेला आस्था, परंपरा एवं साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना एवं गुरु दीक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस पौराणिक परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के उपरांत वरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं साफा होड़ समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर मेला से संबंधित विशेष तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त, गोड्डा दीपक कुमार दूबे, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमान मरांडी सहित अन्य पदाधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।
================
*#TeamPRD(Godda)*

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें