ग्राम समाचार, गोड्डा ब्यूरो रिपोर्ट:- समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा अंजली यादव की अध्यक्षता में गोड्डा जिले के महागामा क्षेत्र में नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एवं उससे संबंधित प्रतिबद्धताओं को पूर्ण करने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, विद्यालय निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता, हस्तांतरण प्रक्रिया, आधारभूत संरचना के विकास, पेयजल, विद्युत, सड़क संपर्क, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय स्थापना से जुड़ी लंबित प्रक्रियाओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रगति प्रतिवेदन समय-समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह चर्चा की गई कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से महागामा एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं केंद्रीय स्तर की शिक्षा सुलभ हो सकेगी, जिससे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र सरकार एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यालय की स्थापना कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सके। बैठक में अपर समाहर्ता गोड्डा प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, अंचलाधिकारी महागामा खगेन महतो पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रजनीश कमल, संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें