ग्राम समाचार, गोड्डा। गोड्डा जिले में आगामी गृह रक्षक बहाली की प्रक्रिया के तहत राजेंद्र नगर स्टेडियम (ऊर्जा नगर), महागामा में आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा की तैयारियों का आज मंगलवार को संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। इस मौके पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा अंजली यादव तथा पुलिस अधीक्षक, गोड्डा मुकेश कुमार ने परीक्षा के सभी व्यवस्थागत पहलुओं की कड़ाई से जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा‑निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के प्रवेश–निकास की व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर, दौड़ ट्रैक, हाई जंप एवं लॉन्ग जंप स्थल, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल उपलब्धता, शौचालय, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त अंजली यादव ने स्पष्ट किया कि समय से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्णरूपेण व्यवस्थित कर ली जाएं। उन्होंने पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, स्थल की साफ‑सफाई तथा अभ्यर्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्र के आसपास विधि‑व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को आवश्यक बताया। अभ्यर्थियों की पहचान जांच को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी न हो सके।
निरीक्षण के क्रम में गृह रक्षक अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तृत दिशा‑निर्देश जारी किए गए। अभ्यर्थियों को रोल नंबर के अनुसार कतारबद्ध रूप से पंक्तियों में खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीकरण के समय Acknowledgement Slip के साथ फोटोयुक्त पहचान‑पत्र (जैसे–आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, PAN कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) का मिलान कर अभ्यर्थी का सत्यापन किया जाएगा। रजिस्टर में हस्ताक्षर लेकर चेस्ट नंबर आवंटित किया जाएगा।
दौड़ प्रारंभ होने पर दौड़-अंतिम बिंदु पर नियुक्त पदाधिकारी से समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी के दौड़ समाप्ति का समय ठीक‑ठीक नोट किया जा सके। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि जिस बैच की दौड़ चल रही हो, उसके अतिरिक्त अन्य कोई अभ्यर्थी दौड़‑प्रारंभ बिंदु पर उपस्थित न रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को दौड़ ट्रैक की सुरक्षा एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि दौड़ के समय कोई अनाधिकृत व्यक्ति ट्रैक में प्रवेश न कर सके। असफल अभ्यर्थियों से चेस्ट नंबर लेकर उनके हस्ताक्षर मास्टर चार्ट में दर्ज कर उन्हें तुरंत ग्राउंड से बाहर कराया जाएगा।
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को अगले स्टेज–शारीरिक माप (Height & Chest Measurement) के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ऊँची कूद (High Jump) कराई जाएगी। अभ्यर्थियों के चेस्ट नंबर सहित कूद की ऊंचाई को तुरंत माइक से घोषित कराया जाएगा और प्राप्त अंक मास्टर चार्ट में अंकित किए जाएंगे। ऊँची कूद में असफल अभ्यर्थियों के मास्टर चार्ट में हस्ताक्षर लेकर उन्हें ग्राउंड से बाहर भेजा जाएगा, जबकि सफल अभ्यर्थियों को लंबी कूद (Long Jump) के लिए आगे भेजा जाएगा।
लंबी कूद में चेस्ट नंबर के साथ की गई कूद की दूरी को भी माइक से तुरंत घोषित कराया जाएगा और अंक मास्टर चार्ट में दर्ज किए जाएंगे। इसी प्रकार शॉट‑पुट स्टेज पर फेंकी गई गोले की दूरी को चेस्ट नंबर सहित माइक से घोषित कराया जाएगा और अंक मास्टर चार्ट में अंकित किए जाएंगे।
कल 8 अप्रैल को सुंदरपहाड़ी में होगी हिंदी लेखन परीक्षा
जानकारी के अनुसार कल दिनांक 08.04.2026 को सुंदरपहाड़ी प्रखंड के गृह रक्षकों के रूप में नव नामांकन हेतु अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन परीक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कुल 854 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इनमें 299 महिला एवं 555 पुरुष शामिल हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, परीक्षा‑संबंधित उप‑समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, जिला योजना पदाधिकारी फैजान सरवर, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अभय कुमार झा, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, नगर प्रशासक सह जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी व अरविंद प्रसाद अग्रवाल, जिला खेल पदाधिकारी उपस्थित थे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें