रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में आज रविवार को The Dessert Sports द्वारा अहीरवाल हेरिटेज संस्था के सौजन्य से राजा राव तुलाराम हाफ मैराथन का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए कुल 1078 धावकों ने भाग लिया, जिनमें से 136 धावकों ने 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह मैराथन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं “नशा मुक्त समाज” का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रेवाड़ी की धरती वीरों और शहीदों की भूमि रही है तथा इस प्रकार के आयोजन शहीदों के सम्मान का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि 70 वर्ष तक के बुजुर्गों ने भी इस मैराथन में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और देशभक्ति की भावना को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से दौड़ एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया तथा इस अवसर पर एक प्रेरणादायक गीत भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव के माता-पिता ने की तथा उन्होंने 21 किलोमीटर हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में योगेश चौधरी (एनएसएस राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता), संदीप आर्य (विश्व रिकॉर्ड धारक) एवं संजू देवी (सरपंच, मीरपुर) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विधायक के साथ 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर एवं 3 किलोमीटर दौड़ों को भी हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ किया। कार्यक्रम का मंच संचालन दिल्ली से आईं देबरा सुषमा लाल एवं डॉ. सुधीर यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रियंका यादव, अध्यक्ष, अहीरवाल हेरिटेज संस्था एवं स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड एंबेसडर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि रेवाड़ी में पहली बार इस स्तर पर इस मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. प्रदीप यादव एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। डॉ प्रदीप यादव ख़ुद भी राष्ट्रीय स्तर के धावक है जो विभिन्न मैराथन में भाग लेके अनेकों पुरस्कार प्राप्त कर चुके है।मैराथन में जुंबा के ज़रिए एक्सराइज़ xhorthon द्वारा करवाई गई वही चैंपियंस स्पोर्ट्स अकैडमी के खिलाड़ियों ने जिम्नास्टिक्स के ज़रिए सभी को आश्चर्यचकित किया।
प्रतियोगिता के विजेता:
21 किलोमीटर हाफ मैराथन (पुरुष वर्ग)
प्रथम राजेश दत्ता – 01:09:35 घंटे
दूसरा स्थान सतीश कुमार – 01:18:12 घंटे, तीसरा स्थान सरजीत – 01:18:18 घंटे
21 किलोमीटर हाफ मैराथन (महिला वर्ग)
प्रथम स्थान नेहा पंवार – 01:45:29 घंटे, दूसरा स्थान उषा – 02:06:23 घंटे, तीसरा स्थान अनीता वर्मा – 02:13:49 घंटे
10 किलोमीटर (पुरुष वर्ग)
प्रथम स्थान गौरव अग्रवाल – 33:20 मिनट, द्वितीय पुरस्कार अमित कुमार प्रजापति – 33:43 मिनट, तीसरा स्थान रवि गुज्जर – 37:02 मिनट
10 किलोमीटर (महिला वर्ग)
प्रथम स्थान पूजा – 53:34 मिनट
दूसरा स्थान पल्लवी – 55:35 मिनट, तीसरा स्थान उमा शंकर – 59:32 मिनट
5 किलोमीटर (पुरुष वर्ग)
प्रथम स्थान विक्की राजपुत– 17:39 मिनट
दूसरा स्थान हर्ष – 17:50 मिनट, तीसरा स्थान इशिका – 17:52 मिनट
5 किलोमीटर (महिला वर्ग)
प्रथम स्थान प्रियांशी – 23:32 मिनट
दूसरा स्थान लावण्या – 24:27 मिनट
तीसरा स्थान प्रिया – 24:28 मिनट
सभी प्रतिभागियों को आयोजन समिति द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेताओं को मेडल एवं ट्रॉफी के साथ निम्नलिखित नकद पुरस्कार भी दिए गए:
21 किलोमीटर हाफ मैराथन
• प्रथम – ₹5100
• द्वितीय – ₹3100
• तृतीय – ₹2100
10 किलोमीटर दौड़
• प्रथम – ₹3100
• द्वितीय – ₹2100
• तृतीय – ₹1100
मैराथन के सफल आयोजन मे श्री कृष्ण खेल संस्थान, फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव वेलफेयर सोसायटी, नॉर्दर्न वेस्टर्न रेलवे, नगर परिषद रेवाड़ी, मुद्गर वाले, पुष्पांजलि हॉस्पिटल, झंडू फास्ट रिलीफ, चैंपियंस स्पोर्ट्स क्लब, रेवाड़ी रनर फ्लेट, वेलवेटा चॉकलेट, बहरोड़ रनर, फास्ट एंड अप और एक्सशॉर्टन नारनौल पैडल्स, रेजांग ला स्पोर्ट्स एकेडमी आदि संस्थाओं को विशेष सहयोग रहा।
यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करने में सफल रहा, बल्कि युवाओं में फिटनेस, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ। रेवाड़ी में आयोजित यह मैराथन भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं प्रेरणादायक आयोजनों के लिए मार्गदर्शक बनेगी।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें