Bhagalpur news:लापता 16 वर्षीय केशव का नहीं मिला सुराग, माता-पिता पहुंचे एसएसपी कार्यालय
ग्राम समाचार, भागलपुर । जिले के ईशाकचक थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय केशव कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस जांच में ठोस प्रगति नही होने से केशव के माता-पिता बेहद चिंतित और हताश हैं। न्याय की आस में परिवार अब वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। उल्लेखनीय है कि ईशाकचक थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार का पुत्र केशव 15 अप्रैल की सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकला था। उसने परिजन से कहा था कि वह बायपास की ओर जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन बंद आ रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पीड़ित पिता मुकेश कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ईशाकचक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा हम दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। हर बीतता पल हमारी चिंता बढ़ा रहा है। मां रश्मी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। वे बस एक ही गुहार लगा रही हैं बेटा, तुम जहां भी हो, घर वापस आ जाओ। परिवार के अनुसार, केशव पढ़ाई में काफी होनहार था और हाल ही में सीबीएसई परीक्षा में 84% अंक हासिल किया था। ऐसे में उसके अचानक लापता होने से कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गई हैं। पिता का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बेटे के साथ क्या हुआ क्या उसका अपहरण हुआ है, या वह किसी गलत हाथों में पड़ गया है। परिजन ने शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अपने बेटे को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। इस पर एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही केशव को खोज लिया जाएगा। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर केशव कब तक सुरक्षित अपने घर लौट पाता है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें