हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की गई अधिसूचना के अनुसार नगर परिषद रेवाड़ी के वार्ड नंबर 1 से 32 और नगर पालिका धारूहेड़ा के वार्ड नंबर 1 से 18 के आम चुनाव करवाए जाने हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि चुनाव नियम 1978 के अंतर्गत 10 मई 2026 को नगर परिषद रेवाड़ी और नगर पालिका धारूहेड़ा से संबंधित चुनाव कार्यक्रम नियमानुसार करवाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका क्षेत्र में आम चुनाव के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इन चुनाव के तहत चुनाव कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को नोटिस जारी कर दिया गया है। उम्मीदवार 21 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल, 2026 के बीच सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल 2026 को की जाएगी और उम्मीदवार 28 अप्रैल, 2026 को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकते हैं, जिसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। 28 अप्रैल को ही प्रतियोगी उम्मीदवारों और पोलिंग स्टेशन की लिस्ट चस्पा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मतदान 10 मई, 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यदि आवश्यकता हुई तो 12 मई को पुनर्मतदान करवाया जाएगा। मतों की गणना 13 मई को सुबह 8 बजे से निर्धारित केंद्रों पर शुरू होगी। मतगणना के तुरंत बाद चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
डीसी ने बताया कि नगर परिषद रेवाड़ी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर परिषद रेवाड़ी में चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार लघु सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित कमरा नंबर 202 में अपना नामांकन पत्र जमा कर सकते है। वहीं रेवाड़ी नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 से 11 के पार्षद पद के लिए नया मॉडल टाउन स्थित सेक्टर-1, ईओ एचएसवीपी कार्यालय में नामांकन दर्ज करवा सकते है। इसी प्रकार वार्ड नंबर 12 से 22 के पार्षद पद के लिए महाप्रबंधक हरियाणा राज्य परिवहन विभाग रेवाड़ी के कार्यालय, वार्ड नंबर 23 से 32 के पार्षद पद के लिए लघु सचिवालय स्थित जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर 113 में नामांकन दर्ज करवा सकते है।
डीसी ने बताया कि नगर पालिका धारूहेड़ा के लिए उपमंडल अधिकारी ना. रेवाड़ी सुरेश कुमार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर पालिका धारूहेड़ा में चेयरमैन व वार्ड नंबर 1 से 18 के पार्षद पद के उम्मीदवार तहसील कार्यालय धारूहेड़ा में अपना नामांकन दर्ज करवा सकते है। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 21 से 25 अप्रैल 2026 तक प्रातः11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किए गए स्थान पर अपना नामांकन दर्ज करवा सकते है।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें