करनाल जिले के घरौंडा के सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ हुई अभद्रता की घटना पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) रेवाड़ी ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन ने इसे चिकित्सा समुदाय की गरिमा और सुरक्षा पर आघात बताया है।
IMA रेवाड़ी की अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने कहा कि चिकित्सक दिन-रात समाज की सेवा में समर्पित रहते हैं और मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि IMA रेवाड़ी इस कठिन समय में IMA करनाल और वहां के सभी चिकित्सकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
डॉ. नीलम यादव (मुख्य संरक्षक रेवाड़ी) ने भी इस घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि चिकित्सकों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या अभद्रता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। वहीं डॉ. पूनम यादव वह डॉक्टर शिव रतन यादव ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और चिकित्सक सुरक्षित वातावरण में अपनी सेवाएं दे सकें। इस घटना के विरोध में IMA रेवाड़ी के डॉक्टरों ने काली पट्टियां बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया और चिकित्सा समुदाय के सम्मान व सुरक्षा की मांग उठाई। IMA रेवाड़ी ने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा, अभद्रता या अनावश्यक कार्रवाई किसी भी परिस्थिति में सहन नहीं की जाएगी और संगठन चिकित्सकों के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर डॉ. शिव रतन यादव, डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. दीपक यादव, डॉ. नीलम यादव, डॉ. पूनम यादव, IMA रेवाड़ी की महासचिव डॉ. पूजा अनेजा समेत अन्य कई डॉक्टर उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर इस घटना पर अपना रोष व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें