इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रेवाड़ी, भारत विकास परिषद श्रीराम युवा शाखा तथा बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में आशियाना वृद्धाश्रम में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों, विशेषकर वृद्धजनों और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान लगभग 150 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, ब्लड टेस्ट तथा आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा कई मरीजों की ड्रेसिंग और प्राथमिक उपचार भी किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में इंडियन मेडिकल असोसिएशन रेवाड़ी के आठ से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. सिद्धार्थ यादव, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज यादव, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक यादव, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि यादव, फिजिशियन डॉ. विक्रम यादव, पैथोलॉजिस्ट डॉ. हेमंत यादव तथा ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नीरज समय सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल असोसिएशन रेवाड़ी के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने कहा कि रेवाड़ी समय-समय पर समाज सेवा के लिए ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. नीरज यादव ने विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं स्ट्रेस यूरिनरी इनकॉन्टिनेंस जैसी समस्याओं के बारे में खुलकर बात करने से संकोच करती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को छुपाएं नहीं बल्कि समय रहते डॉक्टर से सलाह लें, क्योंकि सही समय पर उपचार से इन समस्याओं का समाधान संभव है।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद श्रीराम युवा शाखा के अध्यक्ष श्री जतिन सैनी जी, संरक्षक श्री जितेश अग्रवाल जी, शाखा के सदस्य सचिन सिंगल, सचिन गुप्ता, राहुल जैन और सुमित गुप्ता, कश्यप, अमन गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट के संरक्षक राजपाल जी सहित निधि गौतम, ऋतु ओबरॉय और अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में दीवान फोर व्हील के डायरेक्टर अमित संगी ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर सभी चिकित्सकों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा इस सराहनीय पहल के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
यह स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल साबित हुआ।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें