रेवाड़ी में दिल्ली रोड़ स्थित के.एल.पी कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा “चित्रांकन” नामक फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्या प्रो. कविता गुप्ता द्वारा मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एक चित्र सौ शब्दों पर भारी पड़ता है। आज का युग दृश्यों को अत्यंत महत्व देता है। इससे फोटोग्राफी का महत्व बहुत बढ़ जाता है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध वन्यजीव फोटोग्राफर श्री हर्षित वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक अनुभवों और रोचक उदाहरणों के माध्यम से फोटोग्राफी के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा उसकी रचनात्मक संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि फोटोग्राफी केवल एक शौक या कला नहीं, बल्कि एक प्रभावशाली संचार माध्यम है, जो समाज की वास्तविकताओं को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने की क्षमता रखता है। अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि पत्रकारिता एवं जनसंचार का क्षेत्र आज के समय में अत्यंत विस्तृत हो चुका है, जिसमें फोटोजर्नलिज्म, डिजिटल मीडिया, विज्ञापन, फिल्म निर्माण, कंटेंट क्रिएशन और मीडिया प्रोडक्शन जैसे अनेक करियर विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में अपनी रुचि के अनुसार कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
श्री हर्षित वर्मा ने कार्यशाला के दौरान फोटोग्राफी की बुनियादी तकनीकों—जैसे कैमरा एंगल, लाइटिंग, फ्रेमिंग, कम्पोजीशन तथा टाइमिंग—के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, विद्यार्थियों द्वारा खींची गई तस्वीरों का विश्लेषण करते हुए उन्होंने उनकी सराहना की और उनमें सुधार हेतु उपयोगी सुझाव भी प्रदान किए। यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए श्री हर्षित ने अपनी बेहतरीन फोटोग्राफ छात्रों को दिखाए, तस्वीरों की पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से बताया तथा अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए उपस्थित सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर दिए। कॉलेज प्राचार्या प्रो. कविता गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में फोटोग्राफी और मीडिया का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने कौशल को निखारते हुए भविष्य में नए अवसरों का लाभ उठाएं।
मंच का संचालन पत्रकारिता एवं जनसंचार की सहायक प्राध्यापक श्रीमती अंकिता नैनावत ने किया। इसी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. ए. निवेदिता ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को एक नई दिशा प्रदान करती हैं। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की समन्वयक डॉ. रिचा शर्मा ने अंत में धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ साथ उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी विकसित करती हैं। इस कार्यशाला के आयोजन में कॉलेज प्रबंधन समिति के पदाधिकारी अध्यक्ष श्री रिपु दमन गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री संदीप खंडेलवाल, महासचिव श्री अरविंद गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा रुस्तगी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर डॉ.मंजू गर्ग, डॉ. ममता शर्मा, डॉ. दिनेश शर्मा, श्री राकेश सिंघल, श्रीमती दिव्या, सुश्री मेघना उपस्थित रहे। यह कार्यशाला अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रही, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फोटोग्राफी की मूलभूत तकनीकों को गहरी रुचि के साथ सीखा। कार्यक्रम में छात्रों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जो इसकी सफलता का प्रमुख कारण रही।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें