रेवाड़ी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा आईएमए रेवाड़ी 2026 के अंतर्गत एक कैंसर जागरूकता सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान, जाँच तथा उचित उपचार के प्रति जागरूक करना था, ताकि इस गंभीर बीमारी से होने वाली जनहानि को समय रहते रोका जा सके।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन संरक्षक-इन-चीफ डॉ. नीलम यादव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन आईएमए रेवाड़ी 2026 के पदाधिकारियों—अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव, सचिव डॉ. पूजा अनेजा, कोषाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी तथा आयोजन सचिव डॉ. कृतिका पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मंच संचालन डॉक्टर कृतिका पांडे ने किया । इस कार्यक्रम को मॉडरेट डॉक्टर डॉक्टर शिव रतन यादव तथा डॉक्टर नीरज यादव ने किया
सम्मेलन के दौरान आईएमए रेवाड़ी के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा—
“कैंसर हमेशा लाइलाज नहीं होता। कैंसर अचानक नहीं होता और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कैंसर चुपचाप नहीं आता, वह पहले संकेत देता है। आवश्यकता है उन संकेतों को समय रहते पहचानने की।”
उन्होंने आगे कहा—
“कैंसर के विरुद्ध यह संघर्ष किसी एक चिकित्सक या किसी एक चिकित्सा शाखा का नहीं है, बल्कि यह हम सभी की साझा ज़िम्मेदारी है। हम चाहते हैं कि लोग डरें नहीं, जाँच कराएँ; छिपाएँ नहीं, बताएँ; और सबसे ज़रूरी बात—समय पर चिकित्सक तक पहुँचें।”
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा—
“कैंसर से बड़ी बीमारी डर है और उससे भी बड़ी दवा जागरूकता है।”
इस सम्मेलन में रेवाड़ी के विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सकों ने सक्रिय भागीदारी की। स्त्री रोग विशेषज्ञों में डॉ. नीलम यादव, डॉ. एवं डॉ. नीरज यादव उपस्थित रहे। आंतरिक रोग विशेषज्ञों के रूप में डॉ. शिवरतन यादव, डॉ. एस.पी. यादव एवं डॉ. पवन गोयल ने अपने विचार साझा किए। फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव एवं डॉ. अजीत यादव तथा कान-नाक-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. आदेश सक्सेना एवं ने कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एन.एस. कलावती, डॉ. विवेक जैन एवं डॉ. संजीव अरोड़ा; रक्त रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका यादव ने भी सहभागिता की। रोग परीक्षण विभाग से डॉ. गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.सी. सिंगला, डॉ. आर.बी. यादव, तथा शल्य चिकित्सक डॉ. करतार यादव, डॉ. संजय अग्रवाल ने भी कैंसर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
सभी चिकित्सकों ने एक स्वर में कहा कि कैंसर के अनेक प्रकार प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर पूर्णतः ठीक किए जा सकते हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों को कभी भी नज़रअंदाज़ न करें, समय पर जाँच कराएँ और योग्य चिकित्सक से उचित उपचार लें। सम्मेलन के दौरान आमजन को तंबाकू से दूर रहने, संतुलित आहार अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का संदेश भी दिया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, रेवाड़ी ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज को समय रहते जागरूक किया जा सके।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें