इंडियन मेडिकल असोसिएशन रेवाड़ी की टीम 26 द्वारा आज माजरा श्योराज स्थित विद्यालय में एक प्रभावशाली स्वास्थ्य जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के एक दिवसीय शिविर का विधिवत उद्घाटन एवं शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अचल सिंगला ने अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
इंडियन मेडिकल असोसिएशन रेवाड़ी की अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने अपने संबोधन में बताया कि इन दिनों IMA टीम 26 द्वारा नैशनल IMA के आह्वान पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत एंटीबायोटिक प्रतिरोध (Antibiotic Resistance) जैसे गंभीर विषय पर समाज को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल शब्दों में समझाया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अधूरा सेवन बैक्टीरिया को अधिक सशक्त बना देता है, जिससे भविष्य में सामान्य संक्रमण भी गंभीर रूप ले सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सर्दी-जुकाम जैसी वायरल बीमारियों में एंटीबायोटिक दवाओं का कोई प्रभाव नहीं होता, अतः बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा लेना अत्यंत हानिकारक हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार को भी दवाओं के सही उपयोग के प्रति प्रेरित करें।
डॉ. नीरज यादव ने “आओ गाँव चलें” पहल तथा बहु-दवा प्रतिरोध (एमडीआर) के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की भी जानकारी दी और बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना इस मुहिम का प्रमुख उद्देश्य है।
इसके पश्चात डॉ. आत्मप्रकाश यादव ने राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के स्थान पर सही प्राथमिक उपचार देने की विधियों को व्यवहारिक उदाहरणों सहित समझाया।
डॉ. कंचन यादव ने नेत्र स्वास्थ्य के विषय में उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने नियमित नेत्र परीक्षण, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा अत्यधिक स्क्रीन उपयोग से बचने के महत्व पर बल दिया।
डॉ. पूनम यादव ने विद्यार्थियों को परीक्षा के समय तनावमुक्त रहने के उपाय बताए। उन्होंने समय प्रबंधन, पर्याप्त विश्राम, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया तथा विद्यार्थियों को मानसिक संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरज यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार महेश्वरी एवं एनएसएस प्रभारी श्रीमती अनीता यादव का IMA रेवाड़ी की संपूर्ण टीम की ओर से आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया।
यह जनजागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। IMA रेवाड़ी की टीम 26 द्वारा समाजहित में किए जा रहे ऐसे प्रयास निश्चित ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।





0 comments:
एक टिप्पणी भेजें