Rewari News :: विधानसभा की पर्यावरण प्रदूषण समिति ने रेवाड़ी किया दौरा कर प्रदूषण मुक्त बनाने पर दिया जोर

विधानसभा की पर्यावरण व प्रदूषण समिति ने जिला रेवाड़ी किया दौरा। रेवाड़ी को प्रदूषण मुक्त बनाने पर दिया जोर। समिति के चेयरमैन एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने वृक्षारोपण, सीवरेज सिस्टम, एसटीपी, औद्योगिक कचरे के सुचारु प्रबंधन के दिए निर्देश। इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप व यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भी अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा भी अधिकारियों के साथ रहे मौजूद।



हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के चेयरमैन एवं रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने आज समिति सदस्य यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, बावल के विधायक डॉ कृष्ण कुमार, डीसी अभिषेक मीणा व जिला नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों के साथ रेवाड़ी शहर के ऐतिहासिक स्थलों व अन्य स्थानों को पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से निरीक्षण किया। इससे पहले विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अध्यक्षता में स्थानीय लोकनिर्माण विश्रामगृह में समिति व विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रेवाड़ी जिला की आबो-हवा को शुद्घ बनाए रखने, किसानों को सिंचाई के लिए शुद्धिकरण किया हुआ पानी देने, मसानी बैराज, सीवरेज सिस्टम में सुधार लाने, कूड़ा प्रबंधन, गौ अभ्यारण्य विकसित किए जाने आदि मुद्दों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।  




विधानसभा की पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के चेयरमैन विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित हुई बैठक में कहा कि अब आने वाले समय में एनसीआर क्षेत्र की आबादी व उद्योगों का दबाव रेवाड़ी जिला पर बढ़ेगा। इसलिए अभी से जिला की प्रदूषण समस्या तथा सफाई व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण कार्य नहीं किए गए तो लोगों को काफी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह  सैनी ने भी स्वच्छता और पर्यावरण को प्रोत्साहन दिया है। उन्होंने खुद भी नागरिकों के साथ रेवाड़ी शहर में लगातार 70 सप्ताह तक सफाई अभियान चलाया।



विधायक ने इस बात पर जोर दिया कि वन विभाग से बड़े पैमाने पर जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र, इंडस्ट्रियल सेक्टर में पौधारोपण अभियान चलाया जाए। कुछ फैक्ट्रियों से रासायनिक कचरा व दूषित पानी निकल रहा है, जिससे लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। उन पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसटीपी और उनकी मौजूदा गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि सिंचाई विभाग ने 125 करोड़ रुपए की लागत से मसानी बैराज की एक परियोजना तैयार की है, जिसके तहत बरसाती पानी, फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी के लिए अलग-अलग भंडारण व्यवस्था होगी। पानी को साफ करके आगे सिंचाई के लिए भिजवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव टींट, टांकड़ी व कुंडल की करीब 150 एकड़ पथरीली जमीन है, जिस पर गौ अभ्यारण्य विकसित किया जा सकता है। बैठक में विधायक लक्ष्मण सिंह ने रेवाड़ी शहर के चारों गेट को सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवरेज को चॉक होने से बचाने के लिए नालियों के मुहाने पर जालीदार चैंबर बनवाए जाएं।



यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि नगर परिषद के डंपिंग यार्ड पर शेड लगवाया जाए। बरसात के दिनों में जो कचरा सड़ जाता है, शेड लगने के बाद उसमें पानी नहीं जाएगा। जिससे कूड़ा के निस्तारण में सुविधा रहेगी। उन्होंने बताया कि यमुनानगर में यह शेड लगवा दिया गया है। इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि पौधारोपण करते समय वन विभाग के अधिकारी ट्री गार्ड अवश्य लगवाएं। पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बाद में उनकी देखभाल भी होनी चाहिए।  


डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा गौ सेवा आयोग ने ऐसा प्रस्ताव रेवाड़ी जिला को भिजवाया हुआ है। ग्राम पंचायत की सहमति मिलने के बाद इस योजना को सिरे चढ़ाया जा सकता है। डीसी अभिषेक मीणा ने सुझाव दिया कि एसटीपी की मशीनें, कचरा प्रबंधन की मशीन खरीदने में इस राशि का सदुपयोग हो सकता है। लिफ्ट कैनाल के चीफ इंजीनियर सुरेश यादव ने बताया कि मसानी बैराज का काम अगले दो माह में शुरू हो जाने की संभावना है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी निपुण गुप्ता ने बताया कि इस समय एक्यूआई 136 है। प्रदूषण के मामलों में 7 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है, इसकी 50 प्रतिशत राशि प्रदूषण नियंत्रण के कार्य पर खर्च हो सकती है। 



रेस्ट हाउस में हुई बैठक के बाद समिति के चेयरमैन लक्ष्मण सिंह यादव व सदस्य विधायक रामकुमार कश्यप, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक बावल डॉ कृष्ण कुमार ने डीसी अभिषेक मीणा व अधिकारियों के साथ रेवाड़ी के ऐतिहासिक बड़ा तालाब, सोलह राही तालाब, नसियाजी रोड पर एसटीपी, रामसिंहपुरा की डंपिंग साइट, बारमाल्ट प्लांट, गांव कापड़ीवास में पशुपति मिल, आदि का निरीक्षण किया व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के चेयरमैन एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने निरीक्षण के दौरान बार माल्ट कालियावास फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी के ट्रीटमेंट के बाद सैंपलिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मसानी बैराज के पानी का नमूना लेकर जांच करवाने और इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में कमेटी को भिजवाने के निर्देश दिए हैं। समिति ने रेवाड़ी के बड़ा तालाब की सफाई करवा कर इसमें स्वच्छ जल भरने के भी निर्देश दिए।



बावल के विधायक डॉ कृष्ण कुमार ने पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति द्वारा बावल में स्थापित वाईकेके प्लांट के निरीक्षण के दौरान कहा कि हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति प्रदेश में अच्छा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी आवश्यक है वह सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए कूड़ा के निस्तारण में भी बेहतरीन कार्य किए जा रहे है।



इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश अहलावत, विधानसभा समिति के कमेटी ऑफिसर सुनील नैन, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ देवेंद्र दहिया, एचएसवीपी के कार्यकारी अधिकारी दीपक घनघस, जिला वन मंडल अधिकारी दीपक प्रभाकर पाटिल, नगर परिषद के अभियंता अंकित वशिष्ठ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता वीपी चौहान  व कैप्टन देवदत्त, बलराज अहलावत आदि मौजूद रहे।
Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें