हरियाणा के वाणिज्य उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि औद्योगिक विकास से ही कोई राष्ट्र उन्नति की राह पर आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए यह आवश्यक है कि देश में नए उद्योग लगें और भारत के कुल उत्पादन में वृद्धि हो। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह गुरुवार को रेवाड़ी बार एसोसिएशन की ओर से कोर्ट परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। बार एसोसिएशन की मांग पर उन्होंने बार को 25 लाख रुपए का अनुदान और नियमानुसार सीएसआर के तहत संगठन को अनुदान दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एक उद्योग मंत्री होने के नाते उनका लगातार प्रयास है कि हरियाणा के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नए औद्योगिक सेक्टर विकसित हों। इसी उद्देश्य से उन्होंने रेवाड़ी जिला में एक आईएमटी को मंजूरी दिलवाई है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का भी प्रयास है कि प्रदेश का समुचित औद्योगिक विकास होना चाहिए।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि एचएसआईडीसी के एमडी जल्द ही प्रस्तावित आईएमटी की भूमि के लिए किसानों के साथ एक मीटिंग करेंगे, जिससे कि पर्याप्त जमीन इस परियोजना के लिए मिल सके। उन्होंने अधिवक्ताओं से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के कार्य में सरकार का सहयोग करें। केवल सरकार के प्रयास से प्रदूषण को काबू नहीं किया जा सकता। इसके लिए आम नागरिकों को भी पॉलीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करना चाहिए। इस मौसम में अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, जिससे कि हमारा वातावरण जीवन के अनुकूल रहे। उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए रेवाड़ी शहर के एचएसवीपी सेक्टर में सैनिक विश्रामगृह व कैंटीन बनवाने के लिए जमीन ली गई है। इस भवन के बनने से पूर्व सैनिकों तथा अर्धसैनिक परिवारों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सुविधाएं मिल सकेंगी।
रेवाड़ी बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव ने यह विश्वास दिलाया कि सभी अधिवक्ता प्रदूषण नियंत्रण में अपना सहयोग देंगे और फरवरी से अगस्त माह के बीच तीन हजार से अधिक पेड़ लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में बावल व कोसली बार ने भी उद्योग एवं पर्यावरण, वन मंत्री का अभिनंदन किया। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश जी. एस. वधवा, एसीजेएम जोगेंद्री सहित अनेक न्यायिक अधिकारी व वरिष्ठ अधिवक्ता अमरजीत यादव, सचिव ब्रह्म यादव, जिला पार्षद धर्मेंद्र खटाना, महेश फौजी, भवनीश यादव, पार्षद रोहन आदि मौजूद रहे।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें