Bhagalpur News:स्वच्छता और पवित्रता ईमान का अभिन्न अंग है: सैयद हसन


ग्राम समाचार, भागलपुर। शहर में स्वच्छता, पवित्रता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खानकाह पीर दमड़िया शाह इनायत हुसैन वक्फ संख्या 159, खलीफा बाग, शाह मार्केट के अधीन संचालित मानव सहायता केंद्र की ओर से एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत ‘स्वच्छ भागलपुर’ अभियान के अंतर्गत शहर की मस्जिदों और मंदिरों में प्रत्येक माह सफाई किट वितरित की जाएगी। प्रारंभिक चरण में शहर के बीस से अधिक मंदिरों और मस्जिदों को सफाई किट प्रदान की जा चुकी है। इस किट में फिनाइल, ब्लीचिंग पाउडर, हैंड वॉश, टॉयलेट क्लीनर सहित सफाई से संबंधित सात प्रकार की आवश्यक सामग्रियां शामिल हैं, ताकि पूजा स्थलों में स्वच्छता और स्वास्थ्यकर वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। आयोजकों के अनुसार यह प्रक्रिया हर माह नियमित रूप से जारी रखी जाएगी। इसको लेकर खानकाह पीर दमड़िया शाह के सज्जादानशीन मौलाना सैयद शाह फ़ख़रे आलम हसन ने मंगलवार को कहा कि इस्लाम में पवित्रता, स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि पवित्रता केवल इबादत तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के हर पहलू में स्वच्छता अपनाना ईमान की पहचान है। उन्होंने आगे कहा कि चाहे मस्जिद हो या मंदिर, पूजा स्थलों की सफाई समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस प्रकार की पहल आपसी सम्मान और भाईचारे को भी मजबूत करती है। खानकाह की ओर से शुरू की गई इस मुहिम की जनस्तर पर सराहना की जा रही है। सामाजिक वर्गों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से न केवल शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और अनुशासन के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। मानव सहायता केंद्र के जिम्मेदारों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस अभियान का और विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पूजा स्थल इससे लाभान्वित हो सकें।


Share on Google Plus

Editor - Bijay shankar

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें